आनंद एल राय को क्यों पसंद आई 'तू या मैं', बताई क्रिएचर सर्वाइवल थ्रिलर चुनने की वजह

आनंद एल राय को क्यों पसंद आई 'तू या मैं', बताई क्रिएचर सर्वाइवल थ्रिलर चुनने की वजह


मुंबई, 13 मार्च। फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर आनंद एल राय ने अपनी नई फिल्म 'तू या मैं' के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी पूरी तरह अप्रत्याशित कहानी है, जिसने उन्हें आकर्षित किया।

मेकर का मानना है कि 'तू या मैं' एक क्रिएचर सर्वाइवल थ्रिलर है, जो बॉलीवुड में बहुत कम देखने को मिलता है। फिल्म की कहानी एक खतरनाक मगरमच्छ के इर्द-गिर्द घूमती है।

आनंद एल राय ने बताया, "मुझे इसकी अप्रत्याशितता बहुत पसंद आई। हमारे सिनेमा में जानवरों पर आधारित सर्वाइवल कहानियां कम बनती हैं। यहां इसे आज की दुनिया से जुड़े किरदारों के साथ पेश किया गया है, जो दर्शकों को सीधे प्रभावित करते हैं।"

आनंद एल राय की इस फिल्म का निर्देशन बिजॉय नांबियार ने किया है। फिल्म में शनाया कपूर और आदर्श गौरव लीड रोल में हैं। शनाया कपूर अवनी शाह के किरदार में हैं, जो एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है और लाखों फॉलोअर्स वाली स्टार है। वहीं, आदर्श गौरव मारुति कदम के किरदार में हैं, जो नालासोपारा का एक रैपर है। कहानी तब रोमांचक हो जाती है, जब ये दोनों एक सुनसान स्विमिंग पूल में फंस जाते हैं और उनके साथ एक खूंखार मगरमच्छ होता है। उनके रिश्ते में अप्रत्याशित मोड़ आता है और सर्वाइवल की जंग शुरू हो जाती है।

आनंद एल राय ने किरदारों की खासियत बताते हुए कहा, "मारुति और अवनी ऐसे लोग लगते हैं, जिन्हें हम रोज देखते हैं। जब दोनों इतनी मुश्किल स्थिति में आते हैं, तो तनाव बहुत पर्सनल और असली लगता है और यही कहानी को खास टच देता है।"

वहीं, आदर्श गौरव ने सोशल मीडिया पर अपने किरदार के साथ जुड़ाव का भावुक अनुभव हाल ही में बताया था। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने स्क्रिप्ट सुनी, तो लगा कि मारुति का किरदार उनके लिए ही बना है। मारुति की वह चाहत कि वह अपनी सीमाओं से बाहर निकले और अपनी पहचान बनाए, आदर्श को बहुत हद तक अपनी लगी। उन्होंने कहा, "मारुति ने मुझे वह बनने का मौका दिया, जिसकी मुझे हमेशा से चाहत थी। उस पल मैं उसका दोस्त बनना चाहता था।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,261
Messages
16,298
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top