लखनऊ, 13 मार्च। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को यूपी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लखनऊ में आयोजित 'संविधान सम्मेलन' में सभा को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि दलित समाज और दबे-कुचले वर्ग, गरीब, मजदूर, किसान, ओबीसी, महिलाएं, इन सबके लिए लड़ाई लड़ने के लिए कांशीराम ने अपना जीवन समर्पित किया था। उसी मिशन को राहुल गांधी आगे लेकर चल रहे हैं। कांशीराम की 15 तारीख को जयंती है, तो ये स्वाभाविक है कि वो आएंगे और इस कार्यक्रम में रहेंगे। हम लोगों ने एक कार्यक्रम रखा है जिसमें राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे। दलित समाज के बड़े-बड़े सामाजिक लोग भी शामिल होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ टीएमसी द्वारा महाभियोग प्रस्ताव लाने के कदम पर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि जिस तरह से एसआईआर और चुनावों के दौरान चुनाव आयोग द्वारा एकतरफा कार्रवाई की गई है, विपक्षी नेताओं ने हर जगह ऐसी कार्रवाई का लगातार विरोध किया है। सरकार सुनने को तैयार नहीं है, इसलिए एक और विरोध दर्ज करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग लाने का फैसला किया गया है।
तनुज पुनिया ने काव्या मारन की टीम 'सनराइजर्स लीड्स' द्वारा 'द हंड्रेड' लीग में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह नहीं होना चाहिए था। खासकर दिल्ली और कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान के साथ सामान्य संबंधों की उम्मीद करना सही नहीं है। पाकिस्तान के साथ सामान्य संबंध बनाना ठीक नहीं है और इसका विरोध करना चाहिए।
बता दें कि इंग्लैंड की लोकप्रिय लीग 'द हंड्रेड' की नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदने के बाद हो रही आलोचना के बीच सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की सनराइजर्स लीड्स का सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित कर दिया गया है। प्लेटफॉर्म की ओर से इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। आमतौर पर एक्स उन अकाउंट्स को सस्पेंड करता है जो उसके नियमों का उल्लंघन करते हैं।