मुंबई, 13 मार्च। अभिनेत्री स्नेहलता वसैकर जल्द ही आगामी सीरीज 'वशीकरण' में नजर आएंगी। हॉरर-सुपरनैचुरल थ्रिलर सीरीज को लेकर अभिनेत्री का कहना है कि इसने सालों से चली आ रही रूढ़िवादी धारणा को तोड़ा है।
अभिनेत्री स्नेहलता वसैकर ने हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस सीरीज ने टेलीविजन में महिलाओं के लिए सालों से चली आ रही रूढ़िवादी धारणा को तोड़ा है।
उन्होंने कहा, "हिंदी टेलीविजन में अक्सर महिला किरदारों को रूढ़िवादी तरीके से दिखाया जाता है, लेकिन 'वशीकरण' ने इसमें बदलाव लाने की कोशिश की है। अगर आपने इसका प्रोमो देखा है, तो आपको पता चलेगा कि कहानी में एक महिला को केंद्र में रखा गया है। किरदार दर्द से गुजरता है, लेकिन उससे उबरने का अपना रास्ता खुद चुनता है। इस लिहाज़ से, वह आम रूढ़िवादिता से अलग हटकर एक अलग और ज्यादा मजबूत नजरिया पेश करती है। बदलाव जरूरी है, और मुझे लगता है कि यह शो वही बदलाव लाने की कोशिश करता है।"
इस सीरीज में वह सुमन के किरदार में नजर आएंगी, जो एक दमदार, जटिल और कई परतों वाला होगा। अपने किरदार को लेकर अभिनेत्री ने बताया कि इसमें कई पहलू हैं, जिस वजह से इसे करने में मुझे काफी रोमांचित किया। उन्होंने बताया कि सुमन की पर्सनैलिटी में सिर्फ एक पहलू नहीं है बल्कि कई परतें हैं, जो एक एक्टर के तौर पर समझना और निभाना बहुत रोमांचक होता है।
अपने किरदार को लेकर उन्होंने कहा, "इस किरदार ने मुझे सबसे ज्यादा उत्साहित किया क्योंकि यह बहुआयामी है। अलग-अलग भावनाओं और पहलुओं को करना बहुत मजेदार रहा।"
अभिनेत्री ने अपने किरदार को लेकर आई चुनौतियों पर कहा, "कई बार जब मैं स्क्रीन पर खुशी या हंसी दिखाती हूं, तो मुझे उस किरदार के अंदर छिपे दुख को भी दिखाना पड़ता है, लेकिन ये भावनात्मक बैलेंस बनाए रखना जटिल है। हालांकि, हमारे निर्देशक के अच्छे मार्गदर्शन और मजबूत स्क्रीनप्ले की वजह से मैं धीरे-धीरे अपने किरदार की परतों को समझ पा रही हूं और ईमानदारी से निभाने की कोशिश कर रही हूं।"
स्नेहलता ने इस बात पर भी जोर दिया कि हॉरर- सुपरनैचुरल थ्रिलर में भावनाओं पर कंट्रोल रखना कितना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, "एक एक्टर के लिए हर सीन में इमोशंस को कंट्रोल करना जरूरी है, जब आप अपने भावनात्मक बदलावों को अच्छे से समझते हैं और नियंत्रण में रहते हैं, तो अलग अलग भावनाओं को अच्छे से दिखाना आसान हो जाता है।
उन्होंने बताया कि वह इस रोल के जरिए भावनाओं के बीच के बदलावों को समझने की कोशिश कर रही हैं, जिससे यह किरदार दर्शकों को और दिलचस्प लगे।