PM मोदी की प्राथमिकता से बदल रहा जम्मू-कश्मीर, हर क्षेत्र में दिख रहे विकास के नए अध्याय: जितेंद्र सिंह

प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकता से जम्मू-कश्मीर में हर क्षेत्र में दिखाई दे रहे नए विकास आयाम : जितेंद्र सिंह


नई दिल्ली, 13 मार्च। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद सरकार की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जम्मू-कश्मीर में विकास गतिविधियों को उच्च प्राथमिकता दिए जाने के कारण हर क्षेत्र में नए आयाम जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "लगभग 171.25 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले कार्यों में उधमपुर जिले में गोले मेला–संगूर खंड पर ब्लैकस्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थलों) के सुधार के साथ-साथ सांबा, झज्जर कोटली, काजीगुंड और मरहामा में भी सुधार कार्य शामिल हैं। इससे सड़क सुरक्षा, यातायात प्रवाह और यात्रियों की सुविधा काफी हद तक बेहतर होगी।"

उन्होंने आगे लिखा, "दुर्घटना संभावित खंडों पर इस तरह के केंद्रित हस्तक्षेप, इस क्षेत्र के लोगों के लिए सुरक्षित राजमार्ग और सुगम कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होंगे।"

इसके साथ ही, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने पोस्ट में लिखा, "जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद।"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर में हमने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर लगभग 171.25 करोड़ रुपए की कुल परियोजना लागत से सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए हैं। इन पहलों में 'सिडको' चौक और गोले मेला–संगूर खंड पर ब्लैकस्पॉट का सुधार, सांबा में सर्विस रोड के साथ एलवीयूपी का निर्माण, झज्जर कोटली, काजीगुंड और मरहामा में आधुनिक वे-साइड सुविधाओं का विकास शामिल है।

उन्होंने बताया कि इन जगहों को राजमार्ग पर दुर्घटना-संभावित क्षेत्रों और अधिक यातायात टकराव वाले बिंदुओं के रूप में चिन्हित किया गया था। किए गए इन सुधारों से ट्रैफिक का आवागमन बेहतर हुआ है, मोड़ पर मुड़ना अधिक सुरक्षित हुआ है और सड़क की बनावट को बेहतर बनाया गया है, जिससे सुरक्षा में काफी सुधार हुआ है और ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम हुई है।

नितिन गडकरी ने यह भी बताया कि इस मार्ग पर विकसित की गई वे-साइड सुविधाओं में उन यात्रियों, पर्यटकों और ट्रक चालकों के लिए विश्राम स्थल, पार्किंग सुविधाएं, फूड कोर्ट और स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो इस अहम रास्ते से सफर करते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, हम जम्मू-कश्मीर में हाईवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं, ताकि कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,022
Messages
16,059
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top