राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 24 जनवरी। उत्तर प्रदेश उत्साह और गर्व के साथ शनिवार को अपना स्थापना दिवस मना रहा है। 24 जनवरी 1950 को 'यूनाइटेड प्रोविंस' का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। इसके बाद से हर वर्ष इस तिथि को प्रदेश के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा, "उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है। मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, "उत्तर प्रदेश के सभी भाइयों-बहनों को प्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। सनातन संस्कृति की अमूल्य विरासत से सिंचित, गंगा-यमुना की पावन और उर्वर भूमि उत्तर प्रदेश वह धरती है, जिसने राष्ट्र को संस्कृति, साधना, शक्ति और संकल्प के मार्ग पर सदैव अग्रसर किया है। आज डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश के सदैव प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना करता हूं।"

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, "मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी, लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण जी की जन्मभूमि एवं देवाधिदेव महादेव की पावन धरा - उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। उत्तर प्रदेश वह भूमि है जहां परंपरा और प्रगति साथ-साथ चलती हैं। यहां विरासत भी है और भविष्य का विश्वास भी। काशी की चेतना, अयोध्या का संकल्प, मथुरा की भक्ति, तीर्थराज प्रयाग का संगम, बुंदेलखंड का शौर्य और अवध-पूर्वांचल की लोक-परंपराएं, सब मिलकर उत्तर प्रदेश को गौरवशाली इतिहास और उज्ज्वल भविष्य की एक सशक्त पहचान देते हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई गति दे रही है। ‘विकसित उत्तर प्रदेश - विकसित भारत’ के संकल्प के साथ हम सभी मिलकर प्रदेश को समृद्ध, आत्मनिर्भर और अवसरों से परिपूर्ण बनाने की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं।"

सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह ने इस अवसर पर एक्स पोस्ट में लिखा, "नया उत्तर प्रदेश, सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध। काशी की दिव्यता, प्रयाग की आध्यात्मिकता, अयोध्या की मर्यादा और मथुरा की माधुर्य परंपरा से सिंचित उत्तर प्रदेश केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का जीवंत स्वरूप है।"

उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त, सर्वसमावेशी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था से अर्थव्यवस्था और संस्कृति से समृद्धि की नई पहचान गढ़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश ने निवेश, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, स्टार्टअप संस्कृति और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्य के रूप में अपना विशेष स्थान बनाया है। सुशासन की नींव पर स्थित, विकास की गति से आगे बढ़ता और आत्मगौरव से भरा, ‘नया उत्तर प्रदेश’ आज राष्ट्र निर्माण की धुरी बन चुका है। उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,337
Messages
16,374
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top