अहमदाबाद, 12 मार्च। गुजरात के अहमदाबाद में 12 और 13 मार्च से भीषण गर्मी शुरू होने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह 8:30 बजे से शहर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 12 मार्च से 13 मार्च की सुबह तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 13 मार्च से 19 मार्च तक गर्मी का दौर जारी रहेगा। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से शहरवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हीटवेव की स्थिति में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, थकान और गंभीर मामलों में बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाएं। प्यास न लगने पर भी खूब पानी पीना चाहिए। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने चाहिए। बाहर निकलते समय टोपी, छाता, चश्मा या रूमाल का इस्तेमाल जरूर करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसके लिए नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी या ओआरएस घोल का सेवन करें।
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह बाहर न निकलें। इस समय ज्यादा मेहनत वाले काम या शारीरिक श्रम से बचें। चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स से परहेज करें क्योंकि ये शरीर से पानी की कमी बढ़ाते हैं। बासी खाना या ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन से भी दूर रहें। छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और बुजुर्गों को इस समय बाहर ले जाने से बचें।
अगर किसी को लू लगने के लक्षण दिखें जैसे तेज प्यास, कमजोरी, चक्कर या बेहोशी तो तुरंत छायादार जगह पर ले जाएं, पानी पिलाएं और नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और इन सावधानियों का पालन करने की अपील की है ताकि गर्मी से होने वाली परेशानियां कम हो सकें। अहमदाबाद में मार्च के मध्य से हीषण गर्मी का यह दौर शहर के लिए चिंता का विषय बन सकता है।