अमेठी में पुलिस का 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' सफल, 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

अमेठी में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 50 हजार रुपये का इनामी गिरफ्तार


अमेठी, 12 मार्च। उत्तर प्रदेश के अमेठी में गुरुवार तड़के पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस के ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हुई मुठभेड़ में अपहरण और फिरौती के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब पौने तीन बजे की है। मुसाफिरखाना थाने के प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ इलाके में चेकिंग अभियान चला रहे थे। यह अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण और फिरौती के मामले में वांछित अपराधी इस्लाम उर्फ मच्छर, जो गोंडा जिले का रहने वाला है, इसौली रोड की तरफ से गुजरने वाला है।

पुलिस को जैसे ही यह सूचना मिली, टीम तुरंत सतर्क हो गई और इसौली रोड पर घेराबंदी कर दी गई। कुछ ही देर बाद संदिग्ध युवक वहां पहुंचा। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम भी सतर्क हो गई और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अपहरण और फिरौती के एक मामले में काफी समय से फरार चल रहा था। आरोपी पर अमेठी पुलिस की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी को आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रमन अग्रहरी नाम के व्यक्ति का हाईवे से अपहरण किया था और उससे फिरौती वसूली थी। उसी मामले में यह आरोपी वांछित चल रहा था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस पूरे मामले में मुसाफिरखाना थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,597
Messages
15,634
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top