दमोह, 11 मार्च। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि देश में मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है, जहां बेटियों की जन्म लेने से लेकर पूरे जीवन पूजा की जाती है। दमोह के हटा जिले में आयोजित नारी सशक्तिकरण सम्मेलन में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि जहां बेटियां जन्म से लेकर आजीवन पूजी जाती हैं, वह सिर्फ और सिर्फ अपना मध्य प्रदेश ही है। नारी सदैव पूजनीय है। हम अपने देश को भी जननी मानकर भारत माता की जय कहकर पूजते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों और महिलाओं के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार की योजनाएं महिलाओं के जीवन में हर कदम पर पक्की सहेली बनकर उनके साथ खड़ी हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के कारण प्रदेश के लिंगानुपात में व्यापक सुधार हुआ है। साथ ही बेटियों के प्रति समाज की सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। लाड़ली बहनों की प्रगति और आशीर्वाद से ही प्रदेश में समृद्धि आ रही है।
मुख्यमंत्री यादव ने सिंगल क्लिक से दमोह जिले के लिए 405 करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक की लागत के 13 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि विरासत से विकास के मूल मंत्र को अपनाते हुए प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। विगत वर्ष बुंदेलखंड क्षेत्र के वैश्विक पर्यटन स्थल खजुराहो में स्टेट कैबिनेट की मीटिंग कर सरकार ने 27 हजार 500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हाल में ही सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन का टीकाकरण शुरू हुआ है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों से अपील करते हुए कहा कि अपनी 14 वर्ष से अधिक उम्र की बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं और दूसरे लोगों को भी ऐसा ही करने के लिए जागरूक करें।
मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इससे हमारी बेटियों का भविष्य आजीवन सुरक्षित रहेगा। एचपीवी वैक्सीन का टीका लगवाने वाली हटा की 8 बेटियों को मंच से प्रमाण पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।