मॉरीशस में भारतीय नौसेना का दम! राष्ट्रीय दिवस समारोह के लिए पहुंचा INS त्रिकंद, रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

मॉरीशस के पोर्ट लुईस पहुंचा भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद


नई दिल्ली, 11 मार्च। मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय नौसेना का दल शामिल होगा। इसके लिए नौसेना का एक विशेष दल मॉरीशस पहुंच चुका है। मॉरीशस का यह राष्ट्रीय आयोजन गुरुवार 12 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

दरअसल भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुईस बंदरगाह पर पहुंचा है। यह भारतीय युद्धपोत दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी तैनाती के दौरान मॉरीशस में है। यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री सहयोग तथा आपसी संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।

भारतीय नौसेना के मुताबिक इस प्रवास के दौरान भारतीय जहाज कई कार्यक्रमों में भाग लेगा। 12 मार्च को मनाए जाने वाले मॉरीशस के 58वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय नौसेना की मार्च करती टुकड़ी व नौसेना वाद्यदल दिखाई देंगे। यही नहीं, युद्धपोत पर तैनात भारतीय हेलीकॉप्टर भी यहां आकाशीय प्रदर्शन में शामिल होगा।

यह समारोह पोर्ट लुईस के ऐतिहासिक शाँ द मार्स मैदान में आयोजित किया जाएगा। युद्धपोत के कमांडिंग अधिकारी कैप्टन सचिन कुलकर्णी मॉरीशस सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों तथा मॉरीशस तटरक्षक बल के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में समुद्री सुरक्षा, सहयोग और संयुक्त प्रशिक्षण से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी।

पोर्ट लुईस में प्रवास के दौरान भारतीय नौसेना और मॉरीशस तटरक्षक बल के बीच प्रशिक्षण आदान-प्रदान होगा। वहीं दोनों नौसेनाएं सांस्कृतिक कार्यक्रम, मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं और सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी। भारतीय नौसेना के अनुसार इस यात्रा का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करना, संयुक्त कार्य क्षमता बढ़ाना और भारत-मॉरीशस की मित्रता को और अधिक सुदृढ़ करना है।

गौरतलब है कि भारतीय नौसेना का यह स्टील्थ फ्रिगेट (युद्धपोत) आईएनएस त्रिकंद एक अत्याधुनिक युद्धपोत है। यह युद्धपोत कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय युद्धाभ्यासों का हिस्सा बन चुका है। यह कुछ माह पहले मिस्र के अलेक्जेंड्रिया बंदरगाह पहुंचा था। यहां यह भारतीय युद्धपोत मिस्र में आयोजित बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य अभ्यास का हिस्सा बना था। इस अभ्यास में भारत, अमेरिका और मिस्र के अलावा सऊदी अरब, कतर, ग्रीस, साइप्रस और इटली की सेनाएं भी शामिल हुई थीं।

नौसेना के मुताबिक अपनी भूमध्य सागर में परिचालन तैनाती के दौरान इस युद्धपोत ने मिस्र के बंदरगाह की यात्रा की थी। आईएनएस त्रिकंद ने यहां आयोजित बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ब्राइट स्टार 2025 में सैन्य अभ्यास किया था। इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के साथ भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना की टुकड़ियां भी शामिल थीं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,498
Messages
15,535
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top