झारखंड: बच्चा चोरी की अफवाह में विक्षिप्त महिला की नृशंस हत्या, 8 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

झारखंड: बच्चा चोरी की अफवाह में महिला की मॉब लिंचिंग के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार


गुमला, 11 मार्च। झारखंड के गुमला जिले में बच्चा चोरी की अफवाह में एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लुपु गुड़िया टांड गांव में हुई इस 'मॉब लिंचिंग' की घटना में पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुमला एसपी हरिश बिन जमा के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें अन्य संदिग्धों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगातार छापेमारी कर रही हैं और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कैंप कर रही हैं। घटना बीते रविवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई थी। पिछले कुछ दिनों से इलाके में बच्चा चोरी की भ्रामक अफवाहें तैर रही थीं, जिससे ग्रामीणों में डर और गुस्से का माहौल था।

इसी बीच एक अज्ञात विक्षिप्त महिला गांव में घूमती दिखाई दी। उसे देखते ही ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और देखते ही देखते मौके पर उग्र भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने महिला की मानसिक स्थिति को समझने के बजाय उसे संदिग्ध मान लिया और रस्सी से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से गंभीर रूप से घायल महिला को छुड़ाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि, चोटें इतनी गहरी थीं कि सोमवार शाम इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गुमला एसपी हरिश बिन जमा ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या सुनी-सुनाई बातों पर बिल्कुल ध्यान न दें।

उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाना या कानून को हाथ में लेना एक गंभीर अपराध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे, तो कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत 100/112 या नजदीकी थाने को सूचित करें।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,498
Messages
15,535
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top