लोकसभा में हंगामे के बीच खारिज हुआ अविश्वास प्रस्ताव, 4 दशक बाद स्पीकर बिरला ने जीती बाजी

लोकसभा में हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज


नई दिल्ली, 11 मार्च। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को खारिज हो गया। सदन में ध्वनिमत से स्पीकर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन के बाद 'स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव' को ध्वनिमत से खारिज किया गया। हालांकि, संख्या बल को देखते हुए ये पहले से ही तय था कि ये अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो जाएगा।

बता दें कि करीब चार दशक के बाद लोकसभा अध्यक्ष के सामने अविश्वास प्रस्ताव आया था। जानकारी के अनुसार, अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 10 घंटे तय हुए थे, लेकिन समय से ज्यादा चर्चा हुई। लगभग 13 घंटे तक सदन में पक्ष और विपक्ष की तरफ से चर्चा हुई और इसमें 42 से ज्यादा सांसदों ने हिस्सा लिया।

बीते महीने फरवरी में विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय होने तक सदन की कार्यवाही में शामिल न होने का फैसला किया था।

बता दें कि विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सदन की कार्यवाही का संचालन निष्पक्ष तरीके से नहीं कर रहे हैं और सत्ता पक्ष के पक्ष में झुकाव दिखा रहे हैं।

विपक्षी दलों ने संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंपा था।

इस प्रस्ताव पर विपक्षी सांसदों के हस्ताक्षर थे। कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) समेत कई विपक्षी दलों ने इसका समर्थन किया था, जो अब ध्वनिमत से खारिज हो चुका है।

अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया था कि लोकसभा अध्यक्ष ने बार-बार उन्हें सदन में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने का अवसर नहीं दिया जाता है, जिस वजह उन्हें अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने जैसा कदम उठाना पड़ा।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,427
Messages
15,464
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top