नई दिल्ली, 11 मार्च। न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बुधवार को खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में 'हैट्रिक' अपने नाम की, जिसके साथ अमेलिया हैट्रिक लेने वाली तीसरी कीवी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वैश्विक स्तर पर अब तक सिर्फ 14 महिला खिलाड़ियों ने वनडे फॉर्मेट में यह कारनामा किया है।
न्यूजीलैंड ने डुनेडिन में खेले गए इस मैच में 6 विकेट खोकर 303 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 27.1 ओवरों में महज 103 रन पर सिमट गई। इस पारी में अमेलिया केर ने 3.1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 22 रन देकर 5 विकेट निकाले। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
अमेलिया केर ने 24वें ओवर की दूसरी गेंद पर एडेल जिमुनु को बोल्ड किया। इसके बाद अगली गेंद पर ऑड्रे मजविशाया को पगबाधा आउट किया। ओवर की चौथी गेंद पर अमेलिया के सामने तेंदई मकुशा थीं, जिन्हें बोल्ड करने के साथ अमेलिया ने हैट्रिक पूरी की।
न्यूजीलैंड की महिला टीम की तरफ से सबसे पहली हैट्रिक जूली हैरिस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 26 जुलाई 1993 को ली थी। इसके बाद 3 फरवरी 1996 को एमिली ड्रम ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध यह कारनामा किया था।
अमेलिया केर इंग्लैंड की चार्ली डीन (2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ) और साउथ अफ्रीका की क्लो ट्रायोन (2025 में श्रीलंका के खिलाफ) के साथ इस दशक में वनडे मैच के दौरान लगातार तीन गेंदों पर विकेट हासिल करने वाली तीसरी महिला गेंदबाज बन गई हैं।
अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध इस सीरीज में कुल 140 रन देकर 16 विकेट अपने नाम किए। सीरीज के पिछले मुकाबले में अमेलिया ने 34 रन देकर 7 विकेट निकाले थे, जबकि पहले मैच में उन्होंने 35 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच यह सीरीज आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा थी, जिसमें अफ्रीकी टीम को पहली बार 11 टीमों में से एक के तौर पर कॉम्पिटिशन में शामिल किया गया था।