उधमपुर में PM सूर्य घर योजना का कमाल! 700 से ज्यादा घरों में लगे सोलर, बिजली बिल हुआ आधा

उधमपुर में तेजी से बढ़ रहा 'पीएम सूर्य घर योजना' का असर, 700 से ज्यादा घरों में लगे रूफटॉप सोलर पैनल


उधमपुर, 11 मार्च। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में केंद्र सरकार की 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' तेजी से लोकप्रिय होती जा रही है। जिले के लोग बड़ी संख्या में अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं, जिससे उन्हें सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिल रही है। इस योजना के जरिए लोग न केवल अपने बिजली बिल में कमी ला रहे हैं बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।

पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (पीडीडी) उधमपुर के असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अनुज गुप्ता ने आईएएनएस से कहा कि जिले में अब तक 700 से अधिक रूफटॉप सोलर पैनल इंस्टॉल किए जा चुके हैं। आने वाले समय में और भी कई प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं, जिससे इस योजना का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है।

अनुज गुप्ता ने आगे कहा, "जिन लोगों ने सोलर लगवाया है, उन्हें काफी फायदा हो रहा है। सोलर लगवाने के बाद उनके बिजली बिल में भी काफी कमी आई है। हम लोगों से कहना चाहेंगे कि यह केंद्र सरकार की योजना है और इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाना चाहिए। इसके जरिए आप अपने बिजली बिल को काफी कम कर सकते हैं और क्लीन एनर्जी में योगदान दे सकते हैं।"

सरकार इस योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर अच्छी-खासी सब्सिडी भी देती है, जिससे आम लोगों के लिए सोलर पैनल लगवाना आसान और किफायती हो गया है। यही वजह है कि उधमपुर के कई परिवार इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।

योजना के लाभार्थी सतीश खजूरिया ने बताया कि उन्होंने भी इसी सरकारी योजना के तहत अपने घर पर सोलर पैनल लगवाया है। उन्होंने कहा, "सरकार की इस स्कीम के जरिए हमने सोलर पैनल लगवाया है। इसके बहुत फायदे हैं। इसे हम करीब 10 हजार रुपए में फाइनेंस करा सकते हैं, जबकि इसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपए पड़ती है। इसमें सरकार करीब 85 से 90 हजार रुपए की सब्सिडी देती है। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे बनने वाली बिजली सीधे ग्रिड में चली जाती है और जो बिजली बिल आता है, उसमें से घट जाती है। जब से मैंने यह सोलर पैनल लगवाया है, तब से हमारा बिजली बिल 150 रुपए से ज्यादा नहीं आता।"

एक अन्य लाभार्थी राघव चौहान ने भी योजना के फायदे साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना के तहत दो सोलर पैनल इंस्टॉल करवाए हैं और दोनों पर सब्सिडी भी मिल चुकी है।

उन्होंने कहा, "पहले मेरे बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपए तक आते थे, लेकिन अब यह घटकर 80 से 90 रुपए के करीब रह गया है। इससे हमें हर महीने करीब 4 से 5 हजार रुपए की बचत हो रही है।"

वहीं राजेश चौहान ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा, "इसका बहुत लाभ है। पहले हमारे बिजली बिल 4 से 5 हजार रुपए आते थे, लेकिन सोलर पैनल लगाने के बाद अब सिर्फ 50 से 80 रुपए ही बिल आता है। इस योजना का फायदा सभी लोगों को लेना चाहिए।"

महिलाएं भी इस योजना से काफी खुश नजर आ रही हैं। रेणु खजूरिया ने बताया कि सोलर पैनल लगाने के बाद उनके घर का बिजली बिल काफी कम हो गया है।

उन्होंने कहा, "हमने अपने घर में सोलर लगाया है और इससे बहुत फायदा हो रहा है। पहले बिजली बिल काफी ज्यादा आता था, लेकिन अब काफी कम हो गया है। इस सोलर पैनल से हमारे घर के लगभग सारे काम आसानी से हो रहे हैं।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,416
Messages
15,453
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top