मुंबई, 11 मार्च। अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिटनेस में सक्रियता के साथ मार्शल आर्ट्स में भी माहिर हैं। उनकी फिटनेस न सिर्फ आम इंसान बल्कि मनोरंजन जगत के कई लोगों को प्रेरित करती है। ऐसे ही टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता इकबाल खान अक्षय कुमार के बड़े फैन हैं और वे मार्शल आर्ट्स में माहिर हैं।
इस बात का खुलासा मनीष पॉल ने अक्षय के गेम शो में किया। दरअसल, हाल ही में आने वाले मेडिकल ड्रामा शो 'यादें' की टीम, इकबाल खान, मनीष पॉल और करण वाही अक्षय के गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में स्पेशल मेहमान बनकर पहुंचे।
शो में मस्ती-मजाक और बातों-बातों में मनीष ने इकबाल के बारे में दिलचस्प राज खोला। मनीष ने मजेदार अंदाज में हंसते हुए कहा, "मुझे पता है कि इकबाल को ये बात बताने में शर्म आएगी और वह नहीं बताएगा, लेकिन मैं बता देता हूं। इकबाल अक्षय कुमार का बहुत बड़ा फैन है। वह जूडो और कराटे में बहुत अच्छा है और प्रोफेशनल की तरह फ्लाइंग किक मार सकता है। उसकी किक बहुत सटीक होती है।"
इसी के साथ ही, इकबाल ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि फिल्म 'खिलाड़ी' के क्लाइमेक्स सीन ने अभिनेता और उनके दोस्तों को काफी प्रभावित किया था। उन्होंने कहा, "जब 'खिलाड़ी' आई थी, तो क्लाइमेक्स में अक्षय सर एंबेसडर कार के ऊपर से कूदकर फ्लाइंग किक मारते हैं। हमने वह देखा और अपनी कॉलोनी में दोस्तों के साथ ट्राई किया। हम कार के पीछे स्टूल रखते, उस पर चढ़ते और किक मारने की कोशिश करते। किक तो मार लेते, लेकिन अक्षय सर की तरह पूरी तरह ऊपर उठ नहीं पाते थे। वह सीन देखकर हमारा जोश देखते ही बनता था।"
शो में आगे करण वाही ने अपने तीनों दोस्तों की बॉन्डिंग के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, "हर ग्रुप में एक ऐसा दोस्त होता है, जो बाकी सबका ख्याल रखता है। हमारे ग्रुप में वह इकबाल है। मनीष और मैं जहां भी शरारतें करते हैं, इकबाल हमें संभालता है। वह समझदार है और हमेशा हमारी देखभाल करता है।"