मुंबई, 10 मार्च। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। राहुल गांधी ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन किया।
शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने कहा कि राहुल गांधी कौन से जमाने में रहते हैं, यह उनसे ही पूछना पड़ेगा। मुझे लगता है कि वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। देश एआई टेक्नोलॉजी की बात कर रहा है। महाराष्ट्र में भी हम एआई की बात करते हैं और वहां राहुल गांधी के कार्यकर्ता, कांग्रेस के कार्यकर्ता इस प्रकार का घिनौना आंदोलन करते हैं। यह देश को प्रगति के पथ पर नहीं ले जाना चाहते हैं।
मनीषा कायंदे ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर काफी विरोध हुआ। इसका मुद्दा यह था कि सभी अवैध वोटरों को निकाला जाए, लेकिन वहां की सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका विरोध किया।शर्म की बात है कि जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पश्चिम बंगाल के दौरे पर एक कार्यक्रम में गई थीं, तो उन्हें बार-बार कार्यक्रम स्थल बदलना पड़ा। खुद मुख्यमंत्री एक महिला होकर भी राष्ट्रपति के मौजूद होने पर वहां नहीं पहुंचीं। हमने कल भी इसकी निंदा की थी और आज भी इसकी निंदा करते हैं। इन्हें स्वच्छ प्रशासन नहीं चाहिए, इसलिए इस तरह की बातें हो रही हैं।
गैस की किल्लत पर मनीषा कायंदे ने कहा कि विपक्ष को बोलने का मौका मिलता है, लेकिन उन्हें यह भी देखना चाहिए कि पूरे विश्व में किस प्रकार युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। इसका असर केवल हिंदुस्तान पर ही नहीं, बल्कि अन्य देशों पर भी पड़ रहा है। यह जो स्थिति पैदा हुई है, उस पर केंद्र सरकार नजर बनाए हुए है। इसका समाधान खोजने की कोशिश भी जारी है। निश्चित रूप से इसका प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ेगा और कई देशों पर पड़ेगा, लेकिन हिंदुस्तान की सरकार और हमारे प्रधानमंत्री मोदी निश्चित ही इसका समाधान निकालेंगे।
टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को हनुमान मंदिर ले जाने पर टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद के बयान पर शिवसेना नेता ने कहा कि जिसने यह अवॉर्ड जीता है, उसकी यह भावना है। अगर वह ट्रॉफी मंदिर ले जाना चाहता है तो ले जा सकता है। इसमें किसी धर्म की बात नहीं है। अगर मुझे कोई सर्टिफिकेट मिलता है और मैं उसे मंदिर ले जाना चाहती हूं, तो मैं ले जा सकती हूं।
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा बंगाल के कालीघाट मंदिर में पूजा करने पर शिवसेना नेता ने कहा कि हमारे देश में और हमारे संविधान में हर व्यक्ति को अपना धर्म मानने और उसका पालन करने की अनुमति और अधिकार दिया गया है। चाहे कोई भी व्यक्ति हो,संविधान ने हमें यह अधिकार दिया है। जो लोग संविधान की बात करते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए।