ED का हड़कंप! दुर्गापुर में कोयला तस्करी के आरोपी पुलिस अधिकारी के घर दूसरी बार बड़ी रेड

दुर्गापुर में ईडी ने पुलिस अधिकारी के घर दूसरी बार मारा छापा


दुर्गापुर, 11 मार्च। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में बुधवार को एक बार फिर हड़कंप मच गया, जब एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) के अधिकारी पुलिस ऑफिसर मनोरंजन मंडल के घर पर पहुंचे और दूसरी बार रेड शुरू की। यह दूसरी बार है जब सेंट्रल एजेंसी ने उनके घर पर तलाशी ली है।

यह मामला कथित कोयला तस्करी और वित्तीय गड़बड़ी से जुड़ा है, जिसके चलते मनोरंजन मंडल पहले भी ईडी की जांच के दायरे में रह चुके हैं। इससे पहले, 3 फरवरी को भी ईडी ने मनोरंजन मंडल के घर में सर्च ऑपरेशन किया था और कई घंटों तक ऑफिसर से पूछताछ की थी। उस दिन पूछताछ के बाद मनोरंजन मंडल को आगे की जांच के लिए कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन सूत्रों के अनुसार मंडल कई नोटिस मिलने के बावजूद एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए।

ईडी के अधिकारी सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों के साथ बुधवार सुबह मंडल के घर पहुंचे और फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह-सुबह शुरू हुए इस ऑपरेशन के दौरान अधिकारियों ने घर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान मंडल के घर के आसपास सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई ताकि तलाशी बिना किसी व्यवधान के पूरी हो सके।

सूत्रों की मानें तो ईडी ने यह कदम जांच को तेज करने के मकसद से उठाया है। पिछले ऑपरेशन के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एजेंसी को शक है कि कुछ अहम दस्तावेज और सबूत अब भी हाथ नहीं लगे हैं, इसलिए उन्होंने दूसरा राउंड आयोजित किया।

गौरतलब है कि यह पूरा मामला करोड़ों रुपये के कोयला तस्करी से जुड़ा हुआ है। मामले में ईडी ने 10 फरवरी को पश्चिम बंगाल से दो प्रमुख कोयला व्यापारियों, किरण खान और चिन्मय मंडल, को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा भी कई लोग जांच के घेरे में हैं, जिनसे पूछताछ जारी है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
15,339
Messages
15,376
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top