अमृतसर पुलिस का कमाल! 400 गुम मोबाइल ट्रैक कर लौटाए मालिकों को, 85 लाख से ज्यादा के फोन वापस

अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी, करीब 400 गुम मोबाइल ढूंढकर मालिकों को लौटाए


अमृतसर, 10 मार्च। अमृतसर में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली। अमृतसर पुलिस ने करीब 400 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। ये मोबाइल अलग-अलग जगहों से ट्रैक कर एकत्र किए गए थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

इस मौके पर अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस की ओर से कम्युनिटी रिलेशंस और जनता की मदद को काफी अहमियत दी जाती है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पुलिस द्वारा दो बार कार्यक्रम आयोजित कर पहले 100 और फिर 200 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए थे, जबकि आज करीब 400 मोबाइल फोन वापस किए जा रहे हैं।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मोबाइल गुम होने से लोगों को सिर्फ फोन की कीमत का ही नुकसान नहीं होता, बल्कि उसमें मौजूद डेटा का भी बड़ा नुकसान होता है, क्योंकि डेटा बहुत कीमती होता है। इसलिए लोगों को चाहिए कि जब भी उनका मोबाइल गुम हो जाए, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन को ट्रैक करने के लिए केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद ली गई, जिसके जरिए पूरे देश में मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। इस प्रक्रिया के तहत कई मोबाइल फोन पंजाब के अलग-अलग जिलों और अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए हैं।

बरामद किए गए मोबाइल फोन में 13 आईफोन और 387 अलग-अलग कंपनियों के एंड्रॉयड फोन शामिल हैं। इन सभी मोबाइलों को साइबर पुलिस स्टेशन सहित विभिन्न थानों की टीमों ने ट्रैक कर बरामद किया।

पुलिस कमिश्नर ने इस सफल कार्रवाई के लिए अपनी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम के जवानों ने मिलकर कड़ी मेहनत से यह सफलता हासिल की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे जल्द ट्रैक कर वापस दिलाया जा सके।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,037
Messages
15,074
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top