अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय में 'शिशु देखभाल कक्ष' की सौगात, माताओं को मिलेगी सुविधा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में ‘शिशु देखभाल कक्ष’ का उद्घाटन


गाजियाबाद, 9 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर गाजियाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में महिला आवेदकों और महिला कार्मिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘शिशु देखभाल कक्ष’ (बेबी केयर रूम) का उद्घाटन किया गया।

इस पहल का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं को अधिक अनुकूल और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने कार्य के साथ-साथ मातृत्व संबंधी जिम्मेदारियों को भी सहजता से निभा सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में आयकर विभाग, गाजियाबाद की मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. रेनूका जैन गुप्ता (भारतीय राजस्व सेवा) उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने कर-कमलों से शिशु देखभाल कक्ष का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाएं कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करती हैं और उन्हें अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान कार्यालय की महिला कार्मिकों को उनके उत्कृष्ट कार्य और योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी सम्मानित महिला कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी पूरी लगन, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उनकी सक्रिय भूमिका से कार्य संस्कृति और अधिक सुदृढ़ होती है। इस अवसर पर कार्यालय की महिला कार्मिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर उन्हें सहयोगात्मक वातावरण मिलता है, जिससे वे अपने कार्य को अधिक आत्मविश्वास और सहजता के साथ कर पाती हैं।

उन्होंने इस नई सुविधा के लिए प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने कहा कि विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद महिलाओं के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि शिशु देखभाल कक्ष की स्थापना इसी दिशा में किया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे महिला कर्मचारियों और महिला आवेदकों दोनों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि कार्यालय में महिला कार्मिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान समय में कुल कर्मचारियों में महिलाओं की संख्या 20 प्रतिशत से अधिक हो गई है, जो संस्थान के लिए गर्व की बात है। यह बढ़ती भागीदारी कार्यस्थल पर लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,747
Messages
14,784
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top