लखनऊ, 9 मार्च। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को मथुरा स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान के परिसर का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई वॉल पेंटिंग्स का अवलोकन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति और सामाजिक विषयों को कलात्मक रूप से प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना की। विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग्स तैयार की हैं, जिनमें जल संरक्षण, पौष्टिक आहार के महत्व, प्रकृति संरक्षण, पशु क्रूरता पर नियंत्रण और धार्मिक-पर्यटन स्थलों की सुंदरता जैसे विषयों को सृजनात्मक ढंग से चित्रित किया गया है।
इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों को भी कलात्मक रूप में दर्शाया गया। छात्र-छात्राओं ने राज्यपाल को अपनी-अपनी पेंटिंग्स के पीछे निहित संदेश और उनके सामाजिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं में संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। इस दौरान एक छात्र ने पेंसिल से बनाया गया आकर्षक स्केच राज्यपाल को भेंट किया, जिसे उन्होंने सराहते हुए विद्यार्थियों को निरंतर रचनात्मक कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न एजेंडों पर बिंदुवार समीक्षा की और संस्थान के शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विश्वविद्यालय की गतिविधियों, शैक्षणिक कार्यक्रमों और संस्थान के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ संस्थान के समग्र विकास के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा।