नीतीश के बेटे निशांत का सियासी आगाज: मां को याद कर बोले- वह होतीं तो बहुत खुश होतीं, अब 38 जिलों का दौरा

निशांत कुमार को मां की आई याद, बोले- वह जीवित होती तो बहुत खुश होती


पटना, 9 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार बिहार के 38 जिलों की यात्रा करेंगे। उन्होंने सोमवार को अपनी मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

पटना में निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज मां जीवित होती तो वे बहुत खुश होतीं। मैंने राजनीतिक पारी का आगाज किया है, मैं मां का आशीर्वाद लेने के लिए आया हूं, और मैं मां का आशीर्वाद लेकर ही आगे अपनी यात्रा पर निकलूंगा। उन्होंने कहा कि मां की बहुत याद आती है।

निशांत कुमार ने बताया कि वे 38 जिलों की यात्रा पर निकलेंगे। हालांकि, जब मीडिया ने उनसे सवाल किया कि युवा चाहते हैं कि नीतीश कुमार के बाद आप सीएम बनें, तो निशांत ने सवाल को टालते हुए बिना कुछ कहे आगे बढ़ गए।

सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत की जीत पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया को जीत के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं, हमारी टीम आगे भी ऐसे ही जीत हासिल करती रहे। उन्होंने सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के प्रदर्शन को भी सराहा। उन्होंने कहा कि हमें गर्व होता है कि हम बिहार से आते हैं, जहां से ईशान किशन हैं।

बता दें कि निशांत कुमार ने विधिवत रूप से रविवार को राजनीति में प्रवेश किया।

जदयू ने अपने युवा नेता निशांत कुमार को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि बिहार की राजनीति में युवा सोच और मजबूत संकल्प के साथ निशांत कुमार का पदार्पण एक नए सवेरे की तरह है। निशांत कुमार की सरलता सबको जोड़ती है। उनकी संवेदनशीलता सबकी चिंता करती है। यही नेतृत्व का सहज गुण है, जो निशांत के व्यक्तित्व में दिखता है। एक नई सोच, नए उत्साह और युवा ऊर्जा के साथ निशांत कुमार जदयू के सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी को मजबूत करेंगे। पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता की लंबे समय से इच्छा थी कि वे सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है और अब नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलते हुए बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top