ईशान किशन ने बिहार को किया गौरवान्वित, मंत्री रामकृपाल बोले - बनेंगे सचिन-गावस्कर जैसे धुरंधर

ईशान किशन ने बिहार को किया गौरवान्वित, सचिन और गावस्कर जैसे खिलाड़ी बनेंगेः रामकृपाल यादव


पटना, 9 मार्च। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की जीत पर आम जनता से लेकर नेता व नामचीन हस्तियां बधाई दे रही हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की हर तरफ तारीफ हो रही है। यह माहौल भारत के हर राज्य और जिले में देखा जा रहा है।

इसी कड़ी में बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने आईएएनएस से बातचीत में भारतीय टीम को जीत की बधाई देते हुए कहा, "करोड़ों लोगों को उम्मीद व विश्वास था कि भारत जीतेगा और वह जीत गया। यह एक बड़ी उपलब्धि है और यह जीत हमारी धरती पर हासिल हुई। मेरी यही कामना है कि इसी तरह भारतीय टीम जीत हासिल करती रहे।"

बल्लेबाज ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन पर रामकृपाल यादव ने कहा, "ईशान किशन न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के बेटे हैं। उन्होंने बिहार को गौरवान्वित किया है और भारत का नाम रोशन किया है। भारत की समस्त जनता और पटनावासियों की ओर से मैं उन्हें बधाई देता हूं। ईशान किशन जिस तरह से खेल रहे हैं, उससे उम्मीद है कि वह सचिन तेंदुलकर और गावस्कर जैसे खिलाड़ी बनेंगे।"

बता दें कि विश्व कप के फाइनल में ईशान किशन ने धुआंधार बैटिंग करते हुए 216 के स्ट्राइक रेट से 25 गेंदों में 54 रन बनाए। ईशान किशन ने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। ईशान किशन का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा है। ईशान ने 9 मुकाबलों में 193 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में कुल तीन अर्धशतक लगाए।

गौरतलब है कि ईशान किशन का जन्म 18 जुलाई 1998 को पटना में हुआ था। पिता प्रणव कुमार पांडे पटना में पेशे से बिल्डर हैं और उनकी माता का नाम सुचित्रा सिंह है। ईशान ने मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। घरेलू क्रिकेट में झारखंड टीम के लिए खेलते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top