टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत से हारकर भी सेंटनर को टीम पर नाज: बोले, 'हमें बेहतरीन टीम ने हराया'

हम एक बहुत अच्छी टीम के खिलाफ मात खा गए, फिर भी खुद पर गर्व है: मिचेल सेंटनर


अहमदाबाद, 9 मार्च। न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मैच में भारत के खिलाफ 96 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ कीवी टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने का मौका भी गंवा बैठी। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने इस हार के बावजूद अपनी टीम पर गर्व जताया है।

रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में कीवी टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई।

खिताब जीतने का मौका गंवाने के बाद कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा, "यहां तक पहुंचने पर मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन हर चरण में हमने उनसे पार पाया और अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, आज रात हम एक बहुत अच्छी टीम के खिलाफ, शानदार दर्शकों के सामने मात खा गए। फिर भी मुझे टीम पर गर्व है।"

भारत में न्यूजीलैंड टीम को मिलने वाले समर्थन पर सेंटनर ने कहा, "हम जहां भी खेलते हैं, आमतौर पर शानदार भीड़ देखने को मिलती है। आज मैदान में नीले रंग का समंदर दिखाई दे रहा था। जाहिर है हम घरेलू फेवरेट नहीं थे, लेकिन भारत को घरेलू मैदान पर खिताब जीतने का श्रेय देना चाहिए। यहां जीतना हमेशा काफी दबाव के साथ आता है। मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम को अपने प्रदर्शन पर बहुत गर्व होना चाहिए।"

जब कप्तान से यह पूछा गया कि टूर्नामेंट में उनकी टीम के लिए क्या अच्छा रहा, तो सेंटनर ने कहा, "मुझे लगता है कि अलग-अलग मौकों पर अलग-अलग खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली। हर चरण में हमें चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनसे पार पाना अच्छा रहा। सुपर-8 और सेमीफाइनल में हमने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, आज हमें बेहतर टीम ने मात दी, लेकिन फिर भी खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए।"
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top