मुंबई, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर ने एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी। आकांक्षा ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवा लिए हैं। उन्होंने बताया कि यह फैसला लेना और इस प्रक्रिया से गुजरना उनके लिए कितना भावनात्मक और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा।
आकांक्षा रंजन कपूर ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने पिछले दो हफ्तों के अनुभव के बारे में खुलकर बात की। अभिनेत्री ने लिखा, ''मैंने एक दिन पहले अपने एग्स फ्रीज करवाए हैं। शुरुआत में मैं इस बात का खुलासा नहीं करना चाहती थी, लेकिन महिला दिवस के दिन मुझे लगा कि यह अनुभव साझा करना जरूरी है, क्योंकि इससे महिलाओं के शरीर की ताकत और अद्भुत क्षमता को समझा जा सकता है।''
आकांक्षा ने कहा, "पिछले दो हफ्ते मेरे लिए बेहद कठिन और थकाने वाले रहे। इस दौरान मुझे हर दिन इंजेक्शन लगवाने पड़े। हार्मोन में लगातार बदलाव हो रहे थे, जिसकी वजह से शरीर में सूजन और कई तरह की परेशानियां भी महसूस हुईं। इसके अलावा बार-बार जांच करवानी पड़ी, कई दवाइयां लेनी पड़ीं और अंत में एक छोटी सर्जरी भी करानी पड़ी।"
उन्होंने कहा, ''यह पूरा अनुभव आसान नहीं था, लेकिन इससे मुझे यह महसूस हुआ कि महिलाओं का शरीर कितना मजबूत होता है।''
आकांक्षा ने अपनी पोस्ट में एक और तस्वीर का जिक्र किया, जो अगले दिन की थी। इस तस्वीर में वह अपने काम के लिए तैयार होती नजर आ रही थीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मैं इस प्रक्रिया के बाद धीरे-धीरे अपनी सामान्य दिनचर्या में लौटने की कोशिश कर रही हूं, हालांकि मैं केवल अपने बिल्डिंग के आसपास करीब बीस मिनट ही चल पाई हूं, लेकिन यह मेरे लिए काफी था। शरीर अभी-अभी एक बड़ी प्रक्रिया से गुजरा है, इसलिए खुद को समय देना जरूरी है और यह छोटा कदम भी मुझे बड़ी उपलब्धि जैसा लगा।"