नई दिल्ली, 8 मार्च। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रोटोकॉल की कथित अनदेखी को लेकर राज्य सरकार पर जुबानी हमला किया। जयशंकर ने ममता सरकार के इस कदम को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा पर अभूतपूर्व हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रविवार को एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल की जिस तरह से अनदेखी की गई, वह बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह घटना देश के सर्वोच्च पद की गरिमा के प्रति खुला अनादर दर्शाती है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल की पूरी तरह से अनदेखी देश के सबसे बड़े पद की गरिमा पर एक ऐसा हमला है, जैसा पहले कभी नहीं हुआ और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। यह घटना यह भी दिखाती है कि टीएमसी सरकार हमारे आदिवासी समुदायों के प्रति कितनी बेइज्जती करती है, जिनकी संस्कृति और विरासत को सबसे ज्यादा पहचान मिलनी चाहिए।"
बता दें कि राष्ट्रपति के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान विवादित स्थिति अब सियासी रंग ले चुकी है। दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को बागडोगरा एयरपोर्ट के पास आयोजित आदिवासी समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार के मंत्रियों की अनुपस्थिति का जिक्र करते हुए नाराजगी जाहिर की थी। राष्ट्रपति ने यह भी सवाल उठाया था कि पहले से तय कार्यक्रम स्थल को आखिर क्यों बदला गया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आमतौर पर जब राष्ट्रपति किसी राज्य के दौरे पर जाते हैं, तो मुख्यमंत्री उनका स्वागत करते हैं और अन्य मंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नहीं आईं और राज्यपाल के पद में बदलाव होने के कारण वह भी उपस्थित नहीं हो सके।