बल्लारी हॉस्टल में खूनी खेल: नौवीं के छात्र ने लोहे की छड़ से साथियों पर किया हमला, एक की मौत, सात घायल

कर्नाटक के बल्लारी के हॉस्टल में नौवीं के छात्र के हमले में एक की मौत, सात घायल


बल्लारी, 8 मार्च। कर्नाटक के बल्लारी जिले में आवासीय गुरुकुल विद्यालय में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां कक्षा-9 के एक छात्र ने कथित तौर पर अपने ही साथी छात्रों पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया।

इस हमले में एक छात्र की मौत हो गई जबकि सात अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

बल्लारी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पीएस हर्ष के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात उस समय हुई जब छात्र रात का भोजन करने के बाद छात्रावास में सो रहे थे। उसी दौरान एक छात्र ने अचानक अपने साथियों पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया, “यह घटना बल्लारी के बाहरी इलाके में स्थित एक गुरुकुल स्कूल में हुई, जहां नौ बच्चों पर उनके परिचित लड़के ने हमला किया। दुर्भाग्यवश इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई।” हमले में हॉस्टल के वार्डन पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं जबकि स्कूल का एक ड्राइवर भी इस घटना में घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी छात्र और पीड़ित सभी एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और अन्य छात्रों के बीच किसी मामूली विवाद के बाद यह हिंसक घटना हुई।

विवाद के बाद आरोपी छात्र ने लोहे की रॉड उठाकर हॉस्टल में सो रहे छात्रों पर हमला कर दिया। हमले में एक छात्र को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई जबकि अन्य सात छात्र घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत बल्लारी स्थित विजयनगर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हमले के बाद आरोपी छात्र हॉस्टल के वार्डन पर हमला कर मौके से फरार हो गया था लेकिन बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम सीन ऑफिसर्स (एसओसीओ) और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीमों को बुलाया गया।

पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर विवाद किस कारण से हुआ और छात्र ने इतनी हिंसक प्रतिक्रिया क्यों दी।

इसी बीच, मृतक छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रशासन के बयान पर सवाल उठाए हैं। स्कूल अधिकारियों ने घटना को लोहे की छड़ से किया गया हमला बताया है लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि बच्चे पर चाकू से भी हमला किया गया हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।

अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी छात्र नशे का आदी हो सकता है। उन्होंने इस घटना के लिए स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए सवाल उठाया कि छात्रावास जैसे नियंत्रित परिसर में इस तरह की हिंसक घटना कैसे हो सकती है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
 

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top