आईआईटी बॉम्बे हॉस्टल में कारतूस: दूसरे आरोपी को दबोचा, पुलिस ने खोला छात्रों को प्रभावित करने का चौंकाने वाला राज

आईआईटी बॉम्बे में जिंदा कारतूस मिलने के मामले में दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी, पुलिस ने खोले कई राज


मुंबई, 7 मार्च। आईआईटी बॉम्बे परिसर के एक हॉस्टल कमरे में जिंदा कारतूस मिलने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय प्रशांत राज यादव को धार्मिक यात्रा से लौटते समय उज्जैन से गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार का निवासी है और रियल एस्टेट एजेंट के रूप में काम करता है। उस पर आरोप है कि उसने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी के साथ हथियारों की तस्वीरें शेयर की थीं।

19 फरवरी को आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टल में फर्स्ट ईयर के बीटेक छात्र अपूर्व मिश्रा के कमरे से 7.65 मिमी के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। मिश्रा की दोस्ती पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी सर्वोत्तम चौधरी से थी। मिश्रा ने पहले बताया था कि कारतूस चौधरी ही लेकर आया था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पता चला कि अपूर्व मिश्रा ने कारतूस सिर्फ अन्य छात्रों को प्रभावित करने और उनका ध्यान आकर्षित करने के लिए रखे थे, किसी को नुकसान पहुंचाने की उसकी कोई मंशा नहीं थी।

जांच में यह भी सामने आया कि सर्वोत्तम चौधरी और प्रशांत यादव के बीच कथित तौर पर हथियार खरीदने को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन यह सौदा पूरा नहीं हो पाया।

इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ था, जब आईआईटी के हॉस्टल परिसर में छात्र अपूर्व मिश्रा के पास कारतूस होने की सूचना मुखबिर की मदद से पुलिस को मिली। सूचना मिलने पर जब जांच की, तो अपूर्व मिश्रा के बैग से पांच जिंदा 7.65 एमएम कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हॉस्टल नंबर-1 के ग्राउंड फ्लोर पर दो छात्रों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ था। सिक्योरिटी टीम ने मौके पर पहुंचकर रूम नंबर 93 में रहने वाले सूरज दुबे और रूम नंबर 89 में रहने वाले अमन को शांत कराया। बातचीत के दौरान दुबे और उसके दोस्त अपूर्व मिश्रा के पास से शराब की गंध आने पर नियमों के तहत कमरों की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान सूरज दुबे के कमरे में रखे काले बैग से 'केएफ 7.65' मार्क वाले पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपए बताई जा रही है। पूछताछ में दुबे ने बैग को अपूर्व मिश्रा का बताया। आगे की जांच में अपूर्व ने दावा किया कि कारतूस उसके दोस्त सर्वोत्तम चौधरी के हैं, जो बिहार के समस्तीपुर का निवासी है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सर्वोत्तम ने कथित तौर पर बिहार के मुंगेर से कारतूस खरीदने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने गैर-कानूनी तरीके से गोला-बारूद रखने और परिवहन करने के आरोप में मामला दर्ज कर सर्वोत्तम को गिरफ्तार कर लिया।
 

Forum statistics

Threads
14,748
Messages
14,785
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top