मुंबई में अमित शाह का निजी सचिव बनकर ठगी, पुलिस को भी गुमराह कर मामलों को करता था प्रभावित

मुंबई: अमित शाह का निजी सचिव बताकर ठगी करने वाला शख्स गिरफ्तार


मुंबई, 8 मार्च। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी सचिव बताकर पुलिस अधिकारियों को फोन करता था और विभिन्न मामलों को प्रभावित करने की कोशिश करता था। आरोपी लोगों से मामलों में मदद दिलाने के नाम पर कथित तौर पर पैसे भी वसूलता था।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 41 वर्षीय मोहम्मद तारिक पठान के रूप में हुई है, जो खेड़ का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच ने उसे एपीएमसी मार्केट वाशी के पास स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया।

क्राइम ब्रांच की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पठान खुद को केंद्रीय गृह मंत्री के निजी सचिव पवन कुमार यादव के रूप में पेश करता था। वह पुलिस अधिकारियों को फोन कर विभिन्न मामलों में हस्तक्षेप करने की कोशिश करता था। कभी वह किसी मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए दबाव बनाता था, तो कभी आरोपियों को राहत दिलाने के नाम पर अधिकारियों से संपर्क करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कॉल को असली दिखाने के लिए अलग-अलग सिम कार्ड खरीदता था और दूसरे मोबाइल फोन में नंबर को पीएस टू एमएचए के नाम से सेव कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को कॉल करता था। इससे अधिकारियों को लगता था कि कॉल वास्तव में गृह मंत्रालय से आ रहा है।

पुलिस के अनुसार, 1 मार्च को उसने इसी तरह की एक कॉल कनॉट प्लेस के एक पुलिस अधिकारी को की थी। यह अधिकारी एक मामले में महिला को वारंट देने के लिए ग्रांट रोड आए हुए थे। बताया जाता है कि अधिकारी को पहले ही सूचना दी गई थी कि उन्हें किसी प्रभावशाली व्यक्ति का फोन आ सकता है। इसके बाद आरोपी ने खुद को मंत्री का सहायक बताते हुए फोन किया और महिला को परेशान न करने की बात कही।

क्राइम ब्रांच को शक है कि आरोपी ने इसी तरह कई मामलों में फोन कॉल कर पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की और इसके बदले लोगों से पैसे भी वसूले। वह लगातार अपने मोबाइल फोन बदलता रहता था और अलग-अलग राज्यों में अन्य लोगों के नाम पर सिम कार्ड खरीदता था। फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने मामलों में हस्तक्षेप किया है और कितने लोगों से पैसे वसूले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
14,693
Messages
14,730
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top