सिलिकॉन वैली को चुनौती! अमरावती बनेगी भारत की नई 'क्वांटम वैली', Google का ₹1.25 लाख करोड़ का निवेश

आंध्र प्रदेश: सिलिकॉन वैली से क्वांटम वैली तक, अमरावती बनने जा रही टेक की नई राजधानी


अमरावती, 8 मार्च। रायसीना डायलॉग 2026 में बोलते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य को एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का वैश्विक केंद्र बनाने की महत्वाकांक्षा जाहिर की।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश अब क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में अग्रणी भूमिका निभाएगा और अमरावती को 'क्वांटम वैली' के रूप में स्थापित करेगा, जो भविष्य में सिलिकॉन वैली की तरह मशहूर होगा।

सीएम नायडू ने बड़े निवेश का जिक्र करते हुए बताया कि गूगल आंध्र प्रदेश में एआई के लिए 15 अरब डॉलर (लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये) का निवेश कर रहा है। यह भारत में आर्थिक सुधारों के बाद हाल के वर्षों का सबसे बड़ा निवेश है। यह प्रोजेक्ट विशाखापत्तनम में गीगावाट स्केल का डेटा सेंटर स्थापित करेगा, जो एआई सेवाओं को वैश्विक स्तर पर सपोर्ट करेगा। इसके अलावा, नया इंटरनेशनल सबसी गेटवे भी बनेगा, जो भारत को ग्लोबल डिजिटल नेटवर्क से जोड़ेगा।

क्वांटम टेक्नोलॉजी पर जोर देते हुए नायडू ने कहा कि अमरावती में क्वांटम वैली का काम तेजी से चल रहा है। फरवरी 2026 में ही अमरावती क्वांटम वैली की नींव रखी गई है, जिसमें आईबीएम, टीसीएस, एलएंडटी और आईआईटी मद्रास जैसे बड़े संगठन शामिल हैं। राज्य का लक्ष्य है कि अमरावती में क्वांटम कंप्यूटिंग का पूरा इकोसिस्टम बने, जिसमें हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, रिसर्च और स्किलिंग शामिल हों। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगले दो सालों में यहां क्वांटम कंप्यूटर बनाए जाएंगे और दुनिया को सप्लाई किए जाएंगे। साल के अंत तक कई काम शुरू हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया सिलिकॉन वैली (कैलिफोर्निया, अमेरिका) की बात करती है, जहां डिजिटल क्रांति हुई। लेकिन भविष्य में लोग 'क्वांटम वैली' की बात करेंगे और यह अमरावती से होगी, आंध्र प्रदेश से होगी। उन्होंने इसे राज्य की टेक्नोलॉजी-ड्रिवन गवर्नेंस और इनोवेशन की दिशा में बड़ा कदम बताया।

यह पहल नेशनल क्वांटम मिशन से जुड़ी है और राज्य में हजारों युवाओं को स्किलिंग प्रोग्राम के जरिए तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री का मानना है कि इससे रोजगार, निर्यात और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। रायसीना डायलॉग में उनके बयान से राजनीतिक और टेक जगत में चर्चा छिड़ गई है, क्योंकि आंध्र प्रदेश अब ग्लोबल टेक मैप पर तेजी से उभर रहा है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,005
Messages
14,042
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top