जामताड़ा, 7 मार्च। झारखंड के जामताड़ा में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र (पीएमबीजेके) संजीवनी साबित हो रहा है। इस केंद्र से लोग सस्ते दरों पर दवाइयां खरीद रहे हैं। यहां पर निजी मेडिकल स्टोर की तुलना में सस्ते दामों पर दवाइयां मिल रही हैं। स्थानीय लोगों ने पीएम मोदी का तह दिल से आभार जताया है।
प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र (पीएमबीजेके) भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी जन-कल्याणकारी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है।
झारखंड के जामताड़ा स्थित वीर कुंवर चौक के समीप संचालित जन औषधि केंद्र गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। यहां दवा लेने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यहां मिलने वाली जेनेरिक दवाइयां बाजार में उपलब्ध ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती हैं, जिससे इलाज का कुल खर्च काफी कम हो जाता है। इस जन औषधि केंद्र पर सामान्य बीमारियों की दवाओं के साथ-साथ शुगर, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों की आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा कई प्रकार के सर्जिकल सामान भी यहां किफायती दामों पर मिल रहे हैं।
दवा खरीदने आए सोहन सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि वह भारतीय जन औषधि केंद्र से दवाइयां लेने आए थे, जहां उन्हें बहुत ही सस्ते दामों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिलीं। उन्होंने कहा कि उन्हें मात्र 78 रुपए में सारी जरूरी दवाएं मिल गईं, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
एक अन्य खरीददार, रजत सरकार ने बताया कि जन औषधि केंद्र पर बाहर बाजार की तुलना में काफी सस्ती दवाएं उपलब्ध हैं। वे लगातार दो वर्षों से यहां से दवा सस्ते दाम में खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे यहां की कीमतों और व्यवस्था से काफी संतुष्ट हैं।
प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के संचालक तारकेश्वर कर्मकार ने बताया कि केंद्र पर मरीजों को डॉक्टरों द्वारा लिखी जाने वाली लगभग सभी दवाएं उपलब्ध रहती हैं।
उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्र से दवाइयां लेने पर मरीजों को लंबे समय तक होने वाले इलाज के खर्च में बड़ी बचत होती है। उन्होंने दवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बताते हुए कहा कि यह योजना गरीब जनता की भलाई के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। जामताड़ा स्थित जन औषधि केंद्र पर प्रतिदिन 200 से ज्यादा मरीज दवा लेने पहुंचते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र पर 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट पर दवाएं उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिल रही है और इलाज का बोझ काफी हद तक कम हो रहा है।