न्यूजीलैंड टी20 सीरीज: चोट ने छीना ईथन बॉश का डेब्यू मौका, साउथ अफ्रीका को झटका, मुल्डर की हुई धमाकेदार वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हुए ईथन बॉश, वियान मुल्डर को मिली जगह


जोहान्सबर्ग, 7 मार्च। साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर ईथन बॉश चोट की वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। ईथन की जगह पर वियान मुल्डर को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। टी20 सीरीज का आगाज 15 मार्च से होना है, जबकि आखिरी मुकाबला 25 मार्च को खेला जाना है।

घरेलू क्रिकेट में डॉल्फिन्स की ओर से खेलने वाले ईथन बॉश ने अब तक साउथ अफ्रीका के लिए सिर्फ एक वनडे मैच खेला है। उम्मीद जताई जा रही थी कि 26 वर्षीय खिलाड़ी का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में डेब्यू हो सकता है, लेकिन चोट के चलते अब वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं, मुल्डर के पास इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव मौजूद है। वह साउथ अफ्रीका की तरफ से अब तक 11 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला सितंबर 2024 में आयरलैंड के खिलाफ खेला था। यानी मुल्डर की लंबे समय बाद टी20 टीम में वापसी हुई है।

साउथ अफ्रीका में मौजूद खिलाड़ी 8 मार्च को न्यूजीलैंड के लिए निकलेंगे। वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ सीधा भारत से न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। पश्चिम एशिया में सैन्य तनाव बढ़ने की वजह से कुछ हिस्सों में एयरस्पेस को थोड़े समय के लिए बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी कोलकाता में ही मौजूद हैं। साउथ अफ्रीका के साथ-साथ वेस्टइंडीज, इंग्लैंड की टीमें भी अभी स्वदेश नहीं लौट सकी हैं। आईसीसी ने इन टीमों के लिए स्पेशल चार्टर फ्लाइट की व्यवस्था की है और इस हफ्ते के अंत में यह टीमें अपने देश लौट सकती हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में साउथ अफ्रीका की कप्तानी केशव महाराज करते नजर आएंगे, जो 15 मार्च को माउंट माउंगानुई में शुरू होगी। टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला हैमिल्टन में 17 मार्च को खेला जाएगा, जबकि तीसरे मैच की मेजबानी ऑकलैंड 20 मार्च को करेगा। सीरीज का चौथा मुकाबला वेलिंगटन में 22 मार्च को खेला जाएगा, तो अंतिम मुकाबला क्राइस्टचर्च में 25 मार्च को खेला जाना है।

न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका का स्क्वॉड

केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, वियान मुल्डर, गेराल्ड कोएत्जी, टोनी डी जॉर्जी, कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमेलेन, लुथो सिपामला, प्रेनेलन सुब्रायन, जेसन स्मिथ।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,005
Messages
14,042
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top