'मोदी गारंटी' बनी जुमला? दिल्ली की महिलाओं के 2500 रुपये के वादे पर AAP ने BJP को घेरा

दिल्ली में 2500 रुपए की ‘मोदी गारंटी’ पर सियासत तेज, 'आप' ने उठाए सवाल


नई दिल्ली, 7 मार्च। दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने के वादे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सरकार पर निशाना साधा।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 रुपए देने की गारंटी दी थी, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए यह घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि 8 मार्च 2025 की तारीख निकल गई और अब 8 मार्च 2026 भी आने वाला है, लेकिन दिल्ली की महिलाओं के खातों में अभी तक पैसे नहीं पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी रविवार को भाजपा से पूछेगी कि उनकी गारंटी का क्या हुआ।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए सरकार सिविल डिफेंस कर्मचारियों को सादे कपड़ों में बुला रही है।

आप नेता ने बताया कि सिविल डिफेंस कर्मियों को एक सूचना भेजी गई है, जिसमें पूर्वी जिले के सभी डिवीजनों से महिला और पुरुष जवानों को 8 मार्च की सुबह 6 बजे डीएम कार्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

उन्होंने दावा किया कि इन कर्मचारियों को बस की सुविधा और जलपान की व्यवस्था का भी आश्वासन दिया गया है तथा उन्हें सादे कपड़ों में आने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा पर भी तंज कसते हुए 'आप' नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में भीड़ दिखाने के लिए सिविल डिफेंस कर्मियों को बस, समोसा, फ्रूटी और बिस्कुट का लालच देकर बुलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की नीतियों से जनता संतुष्ट होती तो लोगों को इस तरह लाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े-बड़े टेंट लगाए जा रहे हैं, लेकिन उनमें लोगों की संख्या बेहद कम दिखाई दे रही है।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों में भीड़ नहीं जुट रही है, इसलिए अलग-अलग कार्यक्रमों और सम्मेलनों के नाम पर लोगों को जुटाने की कोशिश की जा रही है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर भाजपा ने महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा पूरा किया होता तो दिल्ली की महिलाएं खुद उनकी रैली में बड़ी संख्या में पहुंचतीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार सवाल उठाती रहेगी और सरकार से जवाब मांगती रहेगी।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
14,004
Messages
14,041
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top