नई दिल्ली, 7 मार्च। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की विश्व क्रिकेट में तूती बोलती है। हरमनप्रीत की कप्तानी में टीम इंडिया ने साल 2025 में पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। हरमनप्रीत भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में 3 हजार रन बनाने वाली पहली क्रिकेटर भी हैं। हरमनप्रीत को बचपन से ही क्रिकेट में खास दिलचस्पी थी। बल्लेबाजी करने में हो रही दिक्कत की वजह से उन्होंने अपने बालों तक की 'कुर्बानी' दे डाली थी।
हरमनप्रीत का जन्म 8 मार्च 1989 को पंजाब के मोगा में हुआ था। हरमनप्रीत को छोटी उम्र से ही क्रिकेट खेलने का काफी शौक था। हरमनप्रीत के पिता हरमंदर सिंह भुल्लर, वॉलीबॉल खिलाड़ी थे, और इसी कारण भारतीय महिला टीम की कप्तान को पिता का पूरा सपोर्ट मिला। हरमनप्रीत दिन-रात बल्लेबाजी की प्रैक्टिस करती थीं और जल्द ही उन्होंने इस खेल में महारत हासिल कर ली।
हरमनप्रीत क्रिकेट खेलने के लिए हर हद से गुजरने को तैयार थीं। हरमनप्रीत ने बताया था कि एक समय पर उन्हें बाल बड़े होने की वजह से बल्लेबाजी करने में दिक्कत आ रही थी, तो हरमनप्रीत ने अपने बाल ही कटवा दिए थे। हालांकि, इसके बाद हरमनप्रीत के पिता उनसे काफी गुस्सा हो गए थे और लगभग तीन महीने तक हरमनप्रीत से बातचीत नहीं की थी।
हरमनप्रीत ने साल 2009 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। इसके बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन से टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली। हालांकि, हरमनप्रीत पहली बार सुर्खियों में साल 2017 में खेले गए महिला वर्ल्ड कप 2017 में आईं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 171 रनों की लाजवाब पारी खेली। हरमनप्रीत के बल्ले से निकली यह पारी महिला क्रिकेट इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई।
साल 2018 में हरमनप्रीत कौर टी20 विश्व कप में भारत की ओर से शतक लगाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बनीं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 103 रनों की शानदार पारी खेली। हरमनप्रीत की अगुवाई में साल 2025 में टीम इंडिया ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप के खिताब को भी अपने नाम किया। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व विजेता बनाने वाली पहली कप्तान बनीं। खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया था।
हरमनप्रीत कौर भारत की तरफ से 6 टेस्ट, 164 वनडे और 190 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 8,563 रन बनाए हैं। हरमनप्रीत ने तीनों फॉर्मेट में अब तक कुल 8 शतक और 40 अर्धशतक लगाए हैं। हरमनप्रीत को महिला क्रिकेट में अहम योगदान के लिए 'पद्म श्री' और 'अर्जुन अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है।