वैश्विक अशांति से चिंतित अन्ना हजारे ने PM को लिखा पत्र, बोले- भारत शांति पहल कर बचाए निर्दोषों का जीवन

'वैश्विक तनाव की पृष्ठभूमि में भारत शांति के लिए पहल करे', अन्ना हजारे का प्रधानमंत्री को पत्र


मुंबई, 7 मार्च। ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच समाजसेवी अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की कि वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में भारत को शांति के लिए पहल करनी चाहिए।

अन्ना हजारे ने अपने पत्र में लिखा, "वर्तमान समय में विश्व अत्यंत चिंताजनक परिस्थितियों से गुजर रहा है। विभिन्न देशों के बीच बढ़ते तनाव और संघर्ष के कारण सामान्य नागरिकों का जीवन असुरक्षित होता जा रहा है। हाल की घटनाओं में निरपराध महिलाएं, बच्चे और परिवारों पर पड़ने वाले प्रभाव की खबरें अत्यंत दुखद और पीड़ादायक हैं। भारत की संस्कृति अहिंसा और शांति की रही है। हमारे देश ने हमेशा विश्व को संवाद और शांति का मार्ग दिखाने का प्रयास किया है। ऐसे समय में भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक राष्ट्र की ओर से मानवता और शांति का संदेश जाना अत्यंत आवश्यक है।"

उन्होंने लिखा, "आज दुनिया को हथियारों की नहीं, बल्कि विश्वास और संवाद की जरूरत है। युद्ध से सिर्फ विनाश होता है, जबकि संवाद से समाधान और स्थिरता का मार्ग निकलता है। इसलिए मेरी आपसे विनम्र प्रार्थना है कि भारत तटस्थ और जिम्मेदार भूमिका निभाते हुए वैश्विक स्तर पर शांति और संवाद को बढ़ावा देने की पहल करे।"

प्रधानमंत्री मोदी को भेजे पत्र में समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा, "आपके नेतृत्व में भारत ने कई वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाई है। इसलिए इस संवेदनशील समय में यदि भारत मानवता और शांति के पक्ष में आगे आता है, तो यह पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायक होगा। मानवता के हित और निरपराध नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत को शांति का मार्ग आगे बढ़ाना चाहिए, ऐसी मेरी विनम्र अपेक्षा है।"

गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते में मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा है। इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से तेहरान पर हमले किए, जिनमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई बड़े नेता और सैन्य अधिकारी मारे गए हैं। बदले में ईरान ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। एक हफ्ते बाद भी यह संघर्ष जारी है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,846
Messages
13,883
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top