Google CEO सुंदर पिचाई का रिकॉर्ड पैकेज! 3 साल में मिलेंगे 692 मिलियन डॉलर, बने सबसे महंगे CEO

तीन साल के लिए गूगल के सीईओ का कुल वेतन 692 मिलियन डॉलर किया गया


नई दिल्ली, 7 मार्च। गूगल ने अपने सीईओ सुंदर पिचाई के कुल संभावित वेतन पैकेज को अगले तीन वर्षों के लिए 692 मिलियन डॉलर तक बढ़ा दिया है। इससे वे दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले शीर्ष अधिकारियों में शामिल हो गए हैं। यह जानकारी फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में शनिवार को दी गई।

रिपोर्ट के अनुसार इस पैकेज का बड़ा हिस्सा 126 मिलियन डॉलर के परफॉर्मेंस स्टॉक यूनिट्स (पीएसयू) से बना है, जिन्हें दो बराबर हिस्सों में बांटा गया है। ये पीएसयू कंपनी के शेयरधारकों के रिटर्न को प्रदर्शन से जोड़कर तय किए जाएंगे। अगर लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन हुआ तो इनकी कीमत 252 मिलियन डॉलर तक दोगुनी हो सकती है जबकि लक्ष्य पूरा न होने पर इनसे कोई भुगतान नहीं मिलेगा।

इसके अलावा पिचाई को तीन वर्षों तक हर महीने वेस्ट होने वाले 84 मिलियन डॉलर के प्रतिबंधित स्टॉक भी मिलेंगे। इसके साथ ही उनका वार्षिक वेतन दो मिलियन डॉलर रहेगा।

टेक कंपनी ने अपने ऑटोनॉमस प्रोजेक्ट्स के विकास से जुड़े 350 मिलियन डॉलर तक के नए स्टॉक इंसेंटिव भी शुरू किए हैं। इसके तहत पिचाई को 130 मिलियन डॉलर के वायमो के शेयर और 45 मिलियन डॉलर के विंग एविएशन के शेयर मिलेंगे, जिनका भुगतान लक्ष्य मूल्य के 200 प्रतिशत तक हो सकता है।

अल्फाबेट के बोर्ड ने कहा कि ये प्रोत्साहन पिचाई के नेतृत्व पर कंपनी के भरोसे को दर्शाते हैं। बोर्ड के अनुसार, उनके नेतृत्व में वायमो और विंग जैसे प्रोजेक्ट स्वायत्त ड्राइविंग और डिलीवरी से जुड़ी बड़ी चुनौतियों पर काम कर रहे हैं।

अगस्त 2015 में सीईओ बनने के बाद पिचाई के नेतृत्व में गूगल का मार्केट कैप करीब सात गुना बढ़कर 535 अरब डॉलर से 3.6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया। जनवरी में यह थोड़े समय के लिए 4 ट्रिलियन डॉलर तक भी पहुंच गया था।

भारत में जन्मे 53 वर्षीय पिचाई ने 2004 में गूगल जॉइन किया था। इससे पहले वे मैकेनजी एंड कंपनी में काम कर चुके थे। गूगल में उन्होंने गूगल क्रोम के विकास में अहम भूमिका निभाई और बाद में एंड्रायड का नेतृत्व किया, जिसके बाद वे कंपनी के शीर्ष पद तक पहुंचे।

रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में पिचाई ने 32,500 क्लास-सी शेयर लगभग 9.8 मिलियन डॉलर में बेचे। पिचाई और उनकी पत्नी के पास कुल 1.67 मिलियन गूगल शेयर हैं, जिनकी कीमत शुक्रवार के बंद भाव 298 डॉलर प्रति शेयर के आधार पर लगभग 498 मिलियन डॉलर है।

तुलना के तौर पर सत्या नडेला (सीईओ माइक्रोसाफ्ट) ने वित्त वर्ष 2025 में 96.5 मिलियन डॉलर कमाए, जबकि टिम कुक (सीईओ, एप्पल इंक) को 74.3 मिलियन डॉलर का पैकेज मिला।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,759
Messages
13,796
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top