गुना में भीषण हादसा: नया ट्रैक्टर खरीदने निकले थे, मासूम समेत परिवार के 3 सदस्य मौत की नींद सोए

मध्य प्रदेश के गुना में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर खरीदने जा रहे तीन लोगों की मौत


गुना, 6 मार्च। मध्य प्रदेश के गुना जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में 7 साल के मासूम बच्चे सहित उसके पिता और ममेरे भाई की जान चली गई। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य नया ट्रैक्टर खरीदने के लिए गुना जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा निवासी मुकेश भील (25) शुक्रवार को अपने ममेरे भाई शंकर भील (45), भाई बाबूलाल भील (28) और अपने 7 वर्षीय बेटे दीपक भील के साथ बाइक पर सवार होकर गुना शहर के लिए निकले थे। जब उनकी बाइक धरनावदा थाना क्षेत्र के झागर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही धरनावदा थाना की झागर पुलिस चौकी और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल गुना जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मुकेश भील, उसके 7 वर्षीय बेटे दीपक भील और ममेरे भाई शंकर भील को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चौथे घायल बाबूलाल भील की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में जारी है।

हादसे की खबर जैसे ही सेमरा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही घटना में पिता, पुत्र और भाई की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही टक्कर मारकर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,640
Messages
13,677
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top