टीम बस में अभिषेक ने अर्शदीप की वाइड गेंदों पर ली चुटकी, बोले- 'तुम्हारे लिए तो दो कीपर चाहिए'

'इनके लिए तो दो कीपर चाहिए', अर्शदीप सिंह संग मस्ती करते नजर आए अभिषेक शर्मा


नई दिल्ली, 6 मार्च। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल का टिकट कटा लिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बनाई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मिली जीत के बाद टीम बस में अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह मस्ती करते हुए नजर आए। अभिषेक ने मजाकिया अंदाज में अर्शदीप की लगातार वाइड गेंद फेंकने की आदत को लेकर तंज कसा।

अर्शदीप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'स्नैपचैट' पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में अभिषेक कहते हैं कि अर्शदीप को गेंदबाजी करते हुए दो विकेटकीपर चाहिए। अर्शदीप जब इसका कारण पूछते हैं तो अभिषेक कहते हैं कि एक कीपर तो विकेट के पीछे चाहिए, जबकि दूसरा विकेटकीपर अर्शदीप की वाइड गेंद को पकड़ने के लिए चाहिए। अर्शदीप मजाकिया अंदाज में संजू सैमसन से पूछते हैं कि क्या दो कीपर लगा लिए जाएं और फिर वह कहते हैं, "हमारे पास तो दो विकेटकीपर भी हैं।"

इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े के मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अर्शदीप ने 5 वाइड फेंकी थीं। 4 ओवर के स्पेल में अर्शदीप ने 51 रन देकर सिर्फ एक विकेट चटकाया था। उल्लेखनीय है कि टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में सबसे ज्यादा वाइड डालने का अनचाहा रिकॉर्ड भी अर्शदीप के ही नाम दर्ज है। दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए टी20 मुकाबले में अर्शदीप ने एक ही ओवर में 7 वाइड डाली थीं।

अर्शदीप का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ खास नहीं रहा है। वह 7 मुकाबलों में अब तक 9 ही विकेट निकाल सके हैं। अर्शदीप का इस दौरान गेंदबाजी इकोनॉमी भी 8.53 का रहा है। सुपर-8 राउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अर्शदीप काफी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने 4 ओवर में 43 रन खर्च किए थे। वहीं, अभिषेक शर्मा का बल्ला भी टूर्नामेंट में पूरी तरह से खामोश रहा है। 7 पारियों में अभिषेक महज 89 रन ही बना सके हैं। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी अभिषेक बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे और 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,634
Messages
13,671
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top