मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच दुबई लौटे विवेक ओबेरॉय, भावुक होकर बोले- UAE मेरा घर, परिवार की चिंता थी

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच दुबई लौटे विवेक ओबेरॉय, कहा- 'यूएई मेरे लिए घर जैसा'


मुंबई, 6 मार्च। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सुरक्षित रूप से दुबई लौटने पर बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने यूएई नेतृत्व का धन्यवाद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में जिस तरह से वहां के प्रशासन ने शांति और सुरक्षा बनाए रखी, वह काबिल-ए-तारीफ है।

अभिनेता ने बताया कि इस पूरे समय उनके मन में अपने परिवार से मिलने की चिंता और भावनाएं लगातार चलती रहीं।

विवेक ओबेरॉय ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, ''यूएई मेरे लिए घर जैसा है। इस देश में 200 से ज्यादा देशों के लोग रहते हैं और सभी के लिए यह जगह एक साझा घर की तरह है। पिछले कुछ दिनों में तनाव बढ़ा, तो मुझे अपने परिवार से दूर होना भारी सा लग रहा था। जब मैं प्लेन से दुबई लौट रहा था, तब मुझे लगा कि उस फ्लाइट में बैठे हर व्यक्ति की आंखों में अपनी-अपनी कहानी छिपी हुई थी।''

अभिनेता ने कहा, ''सफर के दौरान मेरा दिल तेजी से धड़क रहा था, क्योंकि मेरे मन में सिर्फ अपने बच्चों की चिंता थी। पूरे सफर के दौरान मेरा ध्यान अपने परिवार पर ही लगा रहा और मैं बस यही सोच रहा था कि जल्द से जल्द अपने बच्चों से मिलूं।''

विवेक ओबेरॉय ने कहा, ''दुनिया में जब अनिश्चितता और तनाव का माहौल होता है, तब मजबूत और शांत नेतृत्व बहुत जरूरी होता है। यूएई के नेतृत्व ने इस मुश्किल समय में धैर्य और मजबूती का उदाहरण पेश किया है। यहां की सरकार ने ऐसा देश बनाया है जो लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। यही वजह है कि यहां रहने वाले लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं।''

वीडियो में उन्होंने एक भारतीय होने के नाते भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। विवेक ओबेरॉय ने कहा, ''यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की ओर से भी मैं यहां के नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहता हूं। यूएई ने हमेशा भारतीयों को अपनापन दिया है और हमें कभी बाहरी नहीं समझा। यही कारण है कि दोनों देशों के लोगों के बीच एक मजबूत रिश्ता बना हुआ है।''

अभिनेता ने पोस्ट के कैप्शन में यूएई के नेतृत्व, वहां काम करने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स और एमिरेट्स एयरलाइंस का भी आभार जताया और कहा, "दुबई वापस लौटकर राहत महसूस हो रही है।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,644
Messages
13,681
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top