16 साल की फरारी खत्म! CBI ने दबोचा 5 लाख का इनामी, खूनी दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी

दोहरे हत्याकांड में 16 साल से फरार आरोपी सीबीआई के हत्थे चढ़ा, 5 लाख का था इनाम


नई दिल्ली, 6 मार्च। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने करीब 16 सालों से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान परस राम उर्फ राजू शर्मा के रूप में हुई है, जो राजस्थान के एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में वांछित था। आरोपी पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित रखा गया था।

सीबीआई की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस मामले को 6 अप्रैल 2011 को दर्ज किया गया था। यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ के निर्देश पर दर्ज किया गया था, जिसमें कुल छह आरोपियों को नामजद किया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, 29 जुलाई 2010 को आरोपियों ने राजस्थान के कामां (कामा) इलाके में एक व्यक्ति के घर में अवैध रूप से घुसकर देशी हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक पिता और उसका बेटा शामिल थे। दोनों उस समय के एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के परिवार के सदस्य बताए गए थे। इस हमले में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

सीबीआई जांच के दौरान यह सामने आया कि इस मामले का एक आरोपी परस राम केस दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था। लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने के कारण अदालत ने उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए उस पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया था। आरोपी के फरार रहने के कारण उसके खिलाफ ट्रायल की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई थी।

सीबीआई ने बताया कि तकनीकी सूचनाओं और फील्ड इंटेलिजेंस के विश्लेषण के बाद एजेंसी को आरोपी के ठिकाने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि परस राम अपनी पहचान बदलकर राजू शर्मा नाम से रह रहा था। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने 5 मार्च को नई दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी संबंधित अदालत द्वारा जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर की गई।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। सीबीआई ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,642
Messages
13,679
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top