मध्यस्थता पर ईरान की चेतावनी: "हमें कम मत आंकिए, अपनी इज्जत-आजादी पर कोई समझौता नहीं करेंगे हम"

अन्‍य देशों की मध्यस्थता की कोशिशों के बीच ईरान का कड़ा संदेश, ‘हमें कम मत आंकिए’


तेहरान, 6 मार्च। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शुक्रवार को कहा कि कुछ देशों ने अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे झगड़े में बीच-बचाव की कोश‍िश शुरू कर दी है। उन्‍होंने कहा क‍ि हम भी शांत‍ि पसंद करते हैं, लेक‍िन अपनी इज्‍जत और स्‍वतंत्रता के साथ। हमने पिछले हफ्ते सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को खो द‍िया। शायद कुछ लोगों ने हमें कम आंक ल‍िया है।

राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट क‍रते हुए ल‍िखा, ''कुछ देशों ने बीच-बचाव की कोशिशें शुरू कर दी हैं। साफ-साफ कह दूं कि हम इस इलाके में हमेशा शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, फिर भी हमें अपने देश की इज्जत और आजादी की रक्षा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है। बीच-बचाव उन लोगों पर होना चाहिए, जिन्होंने ईरानी लोगों को कम आंका और इस झगड़े को भड़काया।

ईरानी प्रेसिडेंट का यह बयान तब आया जब कई रिपोर्ट्स में बताया गया कि ईरान ने इजरायल पर हमलों की एक नई श्रृंखला शुरू कर दी है, जिसमें बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें उसकी लेटेस्ट सुपर-हैवी खोर्रमशहर-4 भी शामिल है।

लेबनान की ऑफिशियल नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दक्षिणी लेबनान के शहर श‍िडोन में एक आवासीय इमारत पर इजरायली हवाई हमले को निशाना बनाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, हमला शहर की अल-सिद्दीक मस्जिद के पास स्थित मकासेद बिल्डिंग की सबसे ऊपरी मंजिल के ठीक नीचे वाले फ्लोर पर हुआ। यह खबर शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने दी। हमले के बाद एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि अभी तक हादसे में हताहतों या नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं, दूसरी ओर अमेरिका ने भी ईरान पर हमले और तेज करने का संकेत दिया है। टैम्पा में अमेरिकी सेंट्रल कमांड हेडक्वार्टर में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान के खिलाफ उसका सैन्य अभियान 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' आने वाले समय में आगे बढ़ सकता है। हेगसेथ ने रिपोर्टरों से कहा, “हम इस लड़ाई के लिए बने हैं और हम इसे जीतने के लिए हैं।”

उन्होंने कहा क‍ि अमेरिकी और इजरायली सेना तेहरान की सेना और मिसाइल इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म करने के मकसद से हमले तेज करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा क‍ि ऑपरेशन ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को पहले ही काफी नुकसान पहुंचाया है। उन्‍होंने सीईएनटीसीओएम कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर और मिशन में शामिल 50,000 से ज्यादा अमेरिकी सेवा सदस्यों की सराहना की।

हेगसेथ ने कहा, “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के कुछ ही दिनों में आपने और आपकी टीम ने बहुत ही खतरनाक सटीक हमले किए हैं, ईरान की नौसेना के बड़े हिस्से को खत्म कर दिया है, इसे लड़ाई में बेअसर कर दिया है, मिसाइल साइट्स और लॉन्चर्स को बेअसर कर दिया है और जिस आसमान और समुद्र के ऊपर से हम उड़ते हैं, उस पर पूरा दबदबा बना लिया है।”

उन्होंने कहा, “हम अब अमेरिकियों को धमकाने की ईरान की क्षमता को खत्म करने के एक ऐतिहासिक मिशन का छठा दिन शुरू कर रहे हैं।”

कूपर के मुताबिक, अमेरिका की हवाई शक्ति ने ईरानी इलाके में अंदर तक बड़े हमले किए हैं। उन्होंने कहा, "सिर्फ पिछले 72 घंटों में अमेरिका की बॉम्बर फोर्स ने ईरान के अंदर लगभग 200 टारगेट पर हमला किया, जिसमें तेहरान के आसपास के इलाके भी शामिल हैं।"

वहीं, कुवैत रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरान के साथ जारी तनाव के बीच कुवैत के सशस्त्र बलों के 67 कर्मचारी घायल हुए हैं। घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है।

रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता सऊद अल-अतवान ने कहा कि कुवैती की रक्षा व्यवस्था ने अब तक पिछले कुछ दिनों में देश के एयरस्पेस को टारगेट करके दागे गए 212 बैलिस्टिक मिसाइलों और 394 ड्रोन्स का पता लगाया और उनसे निपटा है। कुवैती आर्म्ड फोर्सेज सबसे ज्यादा तैयार हैं और सैन्य और सुरक्षा प्राधिकारियों के साथ-साथ दूसरे सरकारी संस्थानों के साथ सहयोग में विकास पर 24 घंटे नजर रख रही हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,663
Messages
13,700
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top