बादशाह के गाने 'टटीरी' पर बवाल, महिलाओं के अपमान का आरोप; पंचकूला में केस दर्ज, पूर्व मंत्री बोलीं- 'बर्दाश्त से बाहर'

'टटीरी' विवाद: पंचकूला में केस दर्ज, पूर्व मंत्री गीता भुक्कल बोलीं- 'ये बर्दाश्त से बाहर'


मुंबई, 6 मार्च। मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह के नए गाने 'टटीरी' को लेकर इन दिनों बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अब इस कड़ी में पंचकूला के सेक्टर-20 थाना में केस दर्ज किया गया है। यह शिकायत समाजसेवी अभय चौधरी की ओर से दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले इस गाने को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी किया था।

जानकारी के अनुसार, समाजसेवी अभय चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गाने के बोल और वीडियो में ऐसे शब्द और सीन हैं, जो महिलाओं और लड़कियों के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं। शिकायत में कहा गया कि गाने का वीडियो सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे युवाओं और बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है। इसी शिकायत के आधार पर सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस विवाद पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने भी इस मुद्दे पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ''मैंने गाना नहीं सुना है, लेकिन मीडिया में आई खबरों के आधार पर जो जानकारी सामने आई है, वह चिंताजनक है। गाने में बच्चियों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया है और उसमें अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया है।''

उन्होंने कहा, ''देश में हम 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' जैसे नारे जरूर देते हैं, लेकिन असल जिम्मेदारी यह है कि हम बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करें। इस तरह के गानों में अगर अभद्रता दिखाई जाती है तो उसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।''

महिला आयोग की कार्रवाई को लेकर भी गीता भुक्कल ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ''चाहे सामाजिक संगठन हों या राजनीतिक दल, सभी के लिए बहन-बेटियां समान हैं और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। जिस तरह से इस गाने में बच्चियों को दिखाए जाने की बात सामने आ रही है, वह सामाजिक नजरिए से ठीक नहीं है और इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।''

दरअसल, यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब रैपर बादशाह का हरियाणवी गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ। गाना 1 मार्च को जारी किया गया था, जिसमें लड़कियों को हरियाणा के लोक संगीत पर सरकारी स्कूल की ड्रेस पहनकर डांस करते हुए देखा गया। गाने में लड़कियां किताबों से भरे बैग को फेंकती दिखती हैं। इसके अलावा, गाने में लड़कियों के लिए कुछ ऐसे अमर्यादित बोल का इस्तेमाल किया गया है, जिनका रिलीज के साथ ही कड़ा विरोध हो रहा है।

इस बीच हरियाणा की महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए बादशाह को एक नोटिस जारी किया है, जिसमें विवादित गाने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,655
Messages
13,692
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top