केजरीवाल के समर्थन में 'आप' का विधानसभा घेर प्रदर्शन, विधायकों को रोकने पर सरकार पर तानाशाही का वार

विधानसभा में प्रवेश से रोकने पर ‘आप’ का प्रदर्शन, सरकार पर तानाशाही का लगाया आरोप


नई दिल्ली, 6 मार्च। दिल्ली विधानसभा परिसर में विपक्षी विधायकों को प्रवेश से रोकने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विधायक विधानसभा के बाहर जुटे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन में 'केजरीवाल तुम डटे रहो, हम तुम्हारे साथ हैं' जैसे नारे लगाए।

दरअसल, अरविंद केजरीवाल को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर विपक्षी विधायकों और मीडिया को विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं करने दे रही है।

सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समिति की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग नहीं करने के पीछे भाजपा का डर छिपा है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह आशंका है कि कहीं अरविंद केजरीवाल समिति के सामने ऐसा सच न बोल दें, जिससे उनकी राजनीति बेनकाब हो जाए।

भारद्वाज ने दावा किया कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी विधानसभा की समिति ने अपने ही पूर्व स्पीकर और पूर्व मुख्यमंत्री को बुलाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-11 वर्षों तक आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा की समितियों को पारदर्शिता के साथ संचालित किया। उस दौरान कई मामलों में मीडिया को आमंत्रित कर पूरी कार्यवाही को देखने का मौका दिया गया।

उन्होंने कहा कि समिति एक “मिनी हाउस” की तरह होती है और उसमें पारदर्शिता बनाए रखना लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है। ऐसे में लाइव स्ट्रीमिंग से भाजपा का डरना समझ से परे है। यदि सरकार लाइव स्ट्रीमिंग नहीं करना चाहती थी तो कम से कम मीडिया को ही समिति की कार्यवाही देखने के लिए बुलाया जा सकता था। लेकिन सरकार ने मीडिया को भी विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया और कई विधायकों को भी बाहर रोक दिया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

वहीं, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की असली समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सरकार सिर्फ अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि राजधानी में प्रदूषण, टूटी सड़कें, बढ़ती गंदगी, पानी की समस्या और सीवर ओवरफ्लो जैसे गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। आतिशी ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक साल के भीतर ही दिल्ली की हालत खराब कर दी है और अब जनता जवाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे मुद्दों को उठाने के बजाय राजनीतिक विवाद खड़ा कर असली समस्याओं से ध्यान भटका रही है।

उधर, आप विधायक दल के चीफ व्हिप संजीव झा ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली में पानी की कमी, प्रदूषण, यमुना की सफाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को काम करना चाहिए। लेकिन सरकार इन समस्याओं को हल करने के बजाय केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की जनता भाजपा सरकार से जवाब चाहती है कि विकास कार्य कहां हैं और राजधानी की समस्याओं का समाधान कब होगा।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,660
Messages
13,697
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top