केरल में चुनावी तैयारी का जायजा, CEC का दलों संग मंथन: मतदाता सूची सराही, निष्पक्षता का मिला भरोसा

केरल: मुख्य चुनाव आयुक्त ने राजनीतिक दलों संग की बैठक, निष्पक्ष चुनाव का दिया भरोसा


कोच्चि, 6 मार्च। केरल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार कोच्चि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर चुनाव से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

बैठक में अधिकांश राजनीतिक दलों ने केरल में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को शांतिपूर्ण और सुचारू तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग की सराहना की। कई दलों ने इस प्रक्रिया में बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) द्वारा किए गए काम की भी प्रशंसा की। राजनीतिक दलों ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी रही है, जिससे मतदाताओं को सुविधा मिली है।

बैठक में चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी तरीके से कराई गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की गलती या संशोधन के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा किसी भी मतदाता के नाम को जोड़ने, हटाने या संशोधित करने के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 अभी दाखिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के प्रावधानों के तहत किसी भी निर्णय के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट या मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास अपील दायर की जा सकती है।

बैठक के दौरान कई राजनीतिक दलों ने चुनाव के समय धनबल के इस्तेमाल और शराब या अन्य मुफ्त वस्तुओं के वितरण को रोकने के लिए चुनाव आयोग से सख्त कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा कुछ दलों ने चुनाव की तारीखें तय करते समय स्थानीय त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों को ध्यान में रखने का अनुरोध भी किया।

ज्ञानेश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों को आश्वासन दिया कि चुनाव हमेशा कानून के अनुसार, बिना किसी भेदभाव के और पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा पारदर्शी तरीके से कराए जाते हैं। उन्होंने दलों से अपील की कि वे चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी किसी भी शिकायत को दर्ज कराने के लिए ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म के सी-विजिल ऐप का उपयोग करें।

उन्होंने यह भी कहा कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने उम्मीद जताई कि केरल में होने वाले आगामी चुनाव हमेशा की तरह पूरे देश और दुनिया के लिए एक आदर्श उदाहरण साबित होंगे।

बैठक में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस सहित कई राष्ट्रीय दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (एम) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी जैसे राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top