टी20 वर्ल्ड कप: फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, इन 3 खिलाड़ियों की फॉर्म ने बढ़ाई मुश्किलें, कैसे होगी जीत?

टी20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया के लिए 'सिरदर्द' बनी इन 3 खिलाड़ियों की खराब फॉर्म


नई दिल्ली, 6 मार्च। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारतीय टीम ने गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया। भारतीय टीम ने कुल चौथी और लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया है। हालांकि, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह की खराब फॉर्म टीम के लिए सिरदर्द बन गई है।

इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वरुण ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 64 रन खर्च किए थे और उनके खाते में सिर्फ एक विकेट आया था। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ 'करो या मरो' मैच में भी वरुण काफी महंगे साबित हुए थे। वरुण ने 4 ओवर में 40 रन दिए थे और सिर्फ एक ही विकेट निकाल सके थे।

सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वरुण की कहानी कुछ ऐसी ही रही थी। प्रोटियाज टीम के बल्लेबाजों ने वरुण के 4 ओवर के स्पेल में 47 रन बनाए थे। वरुण के लिए पिछले कुछ मुकाबले बेहद निराशाजनक रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि वरुण बड़ी टीमों और अहम मुकाबलों में छाप नहीं छोड़ सके हैं।

अभिषेक शर्मा के लिए तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 किसी बुरे सपने की तरह रहा है। 7 पारियों में अभिषेक कुल मिलाकर 89 रन ही बना सके हैं। ग्रुप स्टेज में खेले 3 मुकाबलों में अभिषेक का खाता तक नहीं खुल सका था। सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभिषेक 15 रन ही बना सके थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक ने 30 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली थी। इस पारी के बाद लगा था कि अभिषेक अपने रंग में लौट आए हैं। हालांकि, वेस्टइंडीज और फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा।

अर्शदीप सिंह की हालिया फॉर्म भी फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए चिंता का सबब बन गई है। अर्शदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अपने 4 ओवर के स्पेल में 51 रन खर्च कर दिए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने बिना कोई विकेट चटकाए 43 रन दिए थे। टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2026 में 5 मुख्य गेंदबाजों के साथ खेलती नजर आई है। यही वजह है कि अर्शदीप की खराब फॉर्म भारतीय टीम का गणित बिगाड़ रही है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top