नई दिल्ली, 6 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा है कि आगे निशांत कुमार बिहार की कमान सौंपी जानी चाहिए। पप्पू यादव ने जदयू को सुरक्षित रखने के लिए निशांत से अच्छा चेहरा नहीं हो सकता है।
पप्पू यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा, "कार्यकर्ता हमेशा नीतीश कुमार के साथ रहे। बिहार की जनता ने भी उनका साथ दिया है, तो अभी धोखा क्यों?"
कांग्रेस नेता ने पूछा, "नीतीश कुमार को इतनी जल्दबाजी क्या थी? होली के दिन एक दूसरे से मोहब्बत करते हैं और दुश्मन को भी दोस्त बना लेते हैं। ऐसा कौन-सा भारत-पाकिस्तान युद्ध चल रहा था कि आपको होली के अवसर पर ही अपना फैसला लेना था? नीतीश कुमार पहले भी अस्वस्थ थे, फिर उन्हें क्यों मुख्यमंत्री बनाया गया था? क्या यह डील पहले हो गई थी?"
कांग्रेस नेता ने कहा, "जनता कल नीतीश कुमार से सवाल कर सकती है और पूछ सकती है कि हमने आपको मैंडेट दिया, हमने दूल्हा आपको बनाया आपने किसी और को कैसे बना दिया? नीतीश कुमार से मेरा आग्रह है कि जब जनता ने दूल्हा आपको बनाया, आपको मैंडेट दिया तो आप इसे ट्रांसफर क्यों कर रहे हैं?"
उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार को धोखा नहीं दिया, बल्कि नेताओं ने जनता व कार्यकर्ताओं को धोखा दिया है। आस्तीन का सांप जदयू के अंदर ही था। इसी दौरान, पप्पू यादव बोले, "नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत या जदयू के किसी बेहतर नेता को मुख्यमंत्री बनाएं। जदयू को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो निशांत से अच्छा सीएम चेहरा और कोई नहीं हो सकता है।"
पप्पू यादव ने अपनी बात दोहराते हुए कहा, "बिहार में एनडीए को नीतीश कुमार के नाम पर जनसमर्थन मिला, लेकिन भाजपा कैसे जनता के साथ वादाखिलाफी कर सकती है। मेरा मानना है कि निशांत को मुख्यमंत्री बनना चाहिए। इससे जनता के जनादेश के लिए नीतीश कुमार का चेहरा बचेगा और सहयोगी दल को धोखा न देने के लिए भाजपा की छवि भी बचेगी।"