मुंबई, 5 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र लिखा। इस पत्र के जरिए उन्होंने प्रदेश में वकीलों की सुरक्षा के लिए 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' लागू करने की मांग की।
अबू आजमी ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मांग है कि महाराष्ट्र में वकीलों की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' (वकील संरक्षण कानून) लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से राज्य में वकीलों पर हमले, धमकी और हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
सपा नेता ने अपने पत्र में कहा कि वकील न्याय-व्यवस्था का बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और अदालतों में कानून के तहत लोगों को न्याय दिलाने का काम करते हैं। ऐसे में अगर वकील ही खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे, तो न्याय-व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ेगा। सरकार ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाए हैं। उसी तरह वकीलों की सुरक्षा के लिए भी एक मजबूत कानून बनाना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बार काउंसिल ऑफ महाराष्ट्र एंड गोवा ने भी काफी पहले इसका मसौदा सरकार को दिया है, लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। दूसरे राज्यों का उदाहरण देते हुए सपा नेता ने कहा कि राजस्थान जैसे राज्यों में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जा चुका है। इसलिए मेरी मांग है कि महाराष्ट्र में भी जल्द से जल्द यह कानून लागू किया जाए, ताकि वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और वे बिना डर के अपना काम कर सकें।