दिल्ली: विवेक विहार पुलिस का चोरों पर शिकंजा! दो शातिर ऑटो लिफ्टर दबोचे, चोरी की बुलेट बरामद

दिल्ली: विवेक विहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार


नई दिल्ली, 5 मार्च। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से झिलमिल कॉलोनी से चोरी की गई एक काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। साथ ही, वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर प्लस बाइक भी जब्त की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके में होने वाली कई संभावित वाहन चोरी की घटनाओं को पुलिस ने नाकाम कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश (22) और अनूप कुमार (22) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद के रहने वाले हैं।

दरअसल, इलाके में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए विवेक विहार थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम एसएचओ इंस्पेक्टर हरकेश गाबा के नेतृत्व में और एसीपी विवेक विहार मोहितर सिंह के पर्यवेक्षण में लगातार रात में गश्त और निगरानी कर रही थी। 28 फरवरी और 1 मार्च की दरम्यानी रात करीब 2 बजे पुलिस टीम को झिलमिल कॉलोनी में दो संदिग्ध युवक वाहनों के आसपास घूमते हुए नजर आए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों कांस्टेबल सुभाष कुमार और कांस्टेबल चिंटू ने दोनों को तुरंत रोककर पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की शक्ल आरोपियों से मेल खाती मिली। ये वही युवक थे जो कुछ दिन पहले झिलमिल कॉलोनी से रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी की घटना में दिखाई दिए थे। तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से स्क्रूड्राइवर, वायर कटर और अन्य ऑटो लिफ्टिंग के औजार बरामद हुए। कड़ी पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की और बताया कि उन्होंने 23 फरवरी को झिलमिल कॉलोनी से काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी की थी। इस संबंध में ई-एफआईआर संख्या 04195/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(बी) में विवेक विहार थाने में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित भोपुरा इलाके में अनूप के घर पर छापा मारकर चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गरीब परिवार से आते हैं और 10वीं तक पढ़ाई की है। वे पहले भी वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों युवक नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत तथा आर्थिक तंगी के कारण दोपहिया वाहनों की चोरी कर उन्हें बेच देते थे।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,119
Messages
13,156
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top