दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने पूरी की लद्दाख बुद्ध विहार की वर्षों पुरानी मुराद, फुटओवर ब्रिज का किया शिलान्यास

दिल्ली: लद्दाख बुद्ध विहार को मिला फुटओवर ब्रिज का तोहफा, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शिलान्यास


नई दिल्ली, 5 मार्च। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित लद्दाख बुद्ध विहार इलाके में फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास किया। यह पुल लद्दाख बुद्ध विहार–मॉनेस्ट्री मार्केट क्षेत्र में बनाया जाएगा, जिसकी मांग यहां रहने वाले लोग कई वर्षों से कर रहे थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज का दिन खास है, क्योंकि लद्दाख बुद्ध विहार के लोगों की एक पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। इस इलाके में रहने वाले लद्दाख के भाई-बहन कई वर्षों से एक फुटओवर ब्रिज की मांग कर रहे थे। लोगों ने पिछली सरकारों के सामने कई बार अपनी बात रखी, सैकड़ों बार आवेदन और अनुरोध भी किए, लेकिन यह छोटा सा काम भी पूरा नहीं हो पाया। हमारी सरकार ने बेहद कम समय में ही इसे कर दिखाया।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार की इच्छा हो, तो ऐसे कामों को पूरा होने में ज्यादा समय नहीं लगता। रेखा गुप्ता के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के लिए सभी जरूरी परमिशन ले ली गई हैं और सरकार का लक्ष्य है कि करीब छह महीने के भीतर यह फुट ओवर ब्रिज बनकर तैयार हो जाए। उनका कहना है कि यह पुल बनने के बाद इलाके के लोगों को सड़क पार करने में काफी सहूलियत होगी और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी भी आसान बनेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि पूरे देश की झलक है। भारत के अलग-अलग राज्यों से आए लोग यहां रहते हैं और दिल्ली की पहचान का हिस्सा बनते हैं। उन्होंने कहा कि जो परिवार लद्दाख से आकर यहां बसे हैं। उन्होंने दिल्ली को अपना घर बना लिया है और दिल्ली ने भी उन्हें खुले दिल से अपनाया है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि इन सभी समुदायों की जरूरतों को समझे और उन्हें बेहतर सुविधाएं दे।

रेखा गुप्ता ने बताया कि इस फुटओवर ब्रिज का डिजाइन भी खास तरीके से तैयार किया जा रहा है। कोशिश यह है कि यहां रहने वाले लोगों को अपने मूल स्थान लद्दाख की संस्कृति और पहचान की झलक भी महसूस हो।

लद्दाख भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन ने इस पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस पुल के लिए लोग कई साल से संघर्ष कर रहे थे और अब आखिरकार उनकी मांग पूरी होने जा रही है। उनके मुताबिक यह प्रोजेक्ट इलाके के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,140
Messages
13,177
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top