रोहिणी जिले में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: कंझावला पुलिस ने दो नाबालिग हत्यारे दबोचे, चाकू और कपड़े बरामद

रोहिणी जिले में हत्या का मामला सुलझा, कंझावला पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा


नई दिल्ली। रोहिणी जिले के कंझावला थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसएचओ कंझावला इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में तथा एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के मार्गदर्शन में की गई।

दरअसल, 4 मार्च को दोपहर 12:18 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि दिल्ली के कराला स्थित उत्सव विहार इलाके में चाकूबाजी की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल व्यक्ति को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विकास शर्मा (36) पुत्र खजान सिंह, निवासी उत्सव विहार, कराला के रूप में हुई, जो पेशे से टैक्सी चालक था।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर मृतक की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार मिली। कार से मृतक का पर्स और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा घटनास्थल से एक आरोपी की चप्पल भी मिली, जिसे पुलिस ने सबूत के तौर पर जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद कंझावला थाने में एफआईआर संख्या 86/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में इंस्पेक्टर सुरेंद्र, एसआई उमैर, एसआई परवीन तोमर, एसआई प्रदीप, एसआई दिनेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर दोनों नाबालिग आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय मृतक की कार का एक आरोपी से हल्का सा संपर्क हो गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान एक आरोपी ने विकास शर्मा को पकड़कर नीचे गिरा दिया, जबकि दूसरे आरोपी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू औऱ घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,106
Messages
13,143
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top