बिहार को अंधेरे से निकालकर रोशन करने वाले नीतीश कुमार भारत रत्न के असली हकदार: केसी त्यागी

नीतीश कुमार भारत रत्न के हकदार: केसी त्यागी


नई दिल्ली, 5 मार्च। जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने एक बार फिर नीतीश कुमार को भारत रत्न का हकदार बताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नीतीश कुमार ने बिहार की सेवा की है, एक अंधेरे से भरे प्रदेश को विकास की रोशनी में लेकर आए हैं, मुझे लगता है कि वह भारत रत्न के भी हकदार हैं।

जदयू नेता केसी त्यागी का यह बयान उस वक्त आया है, जब नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति से खुद को अलग कर राज्यसभा जाने का फैसला किया है। नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट के माध्यम से राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया।

नीतीश कुमार के पोस्ट पर जदयू नेता केसी त्यागी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन किया है और वो कामयाब होंगे और सदन की गरिमा बढ़ाएंगे। मेरा उनके साथ पांच दशक पुराना रिश्ता है। वे राजनीति में उन चंद लोगों में से एक हैं, जिन्होंने ईमानदारी और सज्जनता से राजनीति की।

विपक्ष के बयानों पर केसी त्यागी ने कहा कि पिछले 21 साल से भाजपा की मदद से ही नीतीश कुमार सीएम बनते रहे हैं, विपक्ष का आरोप बेबुनियाद है।

पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के नीतीश कुमार को लेकर किए पोस्ट पर जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि मैं उनके बयान को गंभीरता से नहीं लेता हूं। परिवार के कलह से वह पहले से ही तकलीफ में हैं।

उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश कुमार भारतीय राजनीति, बिहार की राजनीति में जिस प्रखरता के साथ उभरकर आए हैं, वह एक युग पुरुष हो चुके हैं। जिस ईमानदारी के साथ शासन चलाया, बिहार को अंधेरे से निकाला। वे भारत रत्न के भी हकदार हैं।

सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट पर जानकारी दी है कि उन्होंने राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर लिया है। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,098
Messages
13,135
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top