मुंबई, 5 मार्च। बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार अपनी फिल्मों के जरिए जितनी सुर्खियां बटोरते हैं, उतनी ही चर्चाएं उनके निजी जीवन को लेकर भी रहती हैं। फिल्म शेड्यूल बिजी होने के बाद भी अक्षय अपने परिवार के लिए समय निकाल ही लेते हैं। हाल ही में उन्होंने क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉरच्यून' में अपनों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के बारे में बात की।
अक्षय कुमार 'व्हील ऑफ फॉरच्यून' शो को होस्ट कर रहे हैं। लेटेस्ट एपिसोड में जब कंटेस्टेंट नमिता ने उनसे पूछा कि आपकी लाइफ में ऐसी कौन-सी चीज है, जो आपकी अभी भी ख्वाहिश बनी हुई है? इस सवाल के जवाब में अक्षय ने हंसते हुए कहा, ''मेरी ख्वाहिश है कि मैं अपने परिवार के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकूं। भले ही मैं साल में 365 दिनों में से करीब 120 दिन अपने परिवार के लिए निकालता हूं, लेकिन फिर भी मुझे लगता है कि यह समय बहुत कम है। मेरी हमेशा कोशिश होती है कि बिजी शेड्यूल के बीच भी मैं अपने परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताऊं।''
अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर फैंस के बीच चर्चाओं में है। इस फिल्म में उनके साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव लीड रोल में नजर आएंगे।
इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड की मशहूर एक्टर-डायरेक्टर जोड़ी, यानी अक्षय कुमार और प्रियदर्शन, करीब 14 साल बाद साथ आ रहे हैं। इस जोड़ी ने सिनेमा को 'हेरा फेरी', 'भूल भुलैया', 'गरम मसाला', 'भागम भाग', 'दे दना दन' और 'खट्टा मीठा' जैसी कई शानदार फिल्में दी हैं।
सालों बाद दोनों के एक साथ आने पर फैंस को 'भूत बंगला' से काफी उम्मीदें जुड़ गई हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पर्सनल लाइफ की बात करें तो अक्षय कुमार की शादी पूर्व अभिनेत्री और लेखक ट्विंकल खन्ना से साल 2001 में हुई थी। शादी के बाद कपल ने साल 2002 में बेटे आरव का और 2012 में बेटी नितारा का स्वागत किया था।